देश की खबरें | छह माह के भीतर बूढ़ा पहाड़ को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायेंगे: मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को यहां कहा कि राज्य सरकार छह माह के भीतर बूढ़ा पहाड़ में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायेगी।
लातेहार, 14 फरवरी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को यहां कहा कि राज्य सरकार छह माह के भीतर बूढ़ा पहाड़ में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले माह उन्होंने जो वादा किया था उसके अनुकूल नक्सलियों से खाली कराये गये बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में सभी मूलभूत सुविधाएं छह माह के भीतर उपलब्ध कराने के लिए उनकी सरकार कटिबद्ध है।
सोरेन ने कहा कि विपक्ष हमारे कामों से घबराया हुआ है। उन्होंने कहा, ''हमने पूरे राज्य में 20 लाख नये लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा है जिससे जनता में खुशी है।''
उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे विकास को देखर विपक्षियों के पेट में दर्द हो रहा है। हेमंत सोरेन ने खातियानी जोहार यात्रा के अपने 14वें पड़ाव पर लातेहार जिले में यह बातें कहीं।
उन्होंने पूर्व की ‘डबल इंजन’ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने कई सालों तक राज कर राज्य को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जो भी नीतियां राज्य सरकार बनाती हैं उन्हें असंवैधानिक बताया जाता है।
उन्होंने कहा कि खतियानी आधारित नियोजन नीति को भी असैंविधानिक बताकर राज्यपाल ने लौटा दिया।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान 20 लाख लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने समेत सभी पंचायतों में शिविर लगाकर आम जनता से लेकर पदाधिकारियों तक की समस्याओं का निदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कर्मचारियों के बीच पुरानी पेंशन लागू कर उन्हें सुरक्षित किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार महंगाई बढ़ाकर लोगों का खून चूस रही है। अदानी ग्रुप को कर्ज देकर कई संस्थाएं आर्थिक खस्ताहाली से जूझ रही हैं।
इस बीच मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगर योजनाओं की प्रगति सिर्फ कागजों पर दिखे तो बजट का बड़ा हिस्सा आपके वेतन पर खर्च करने का कोई मतलब नहीं है।
मुख्यमंत्री ने लातेहार शहर में न्यू पुलिस लाइन जाने के रास्ते में नदी पर वर्ष 2016 से बन रहे पुल का निर्माण कार्य अब तक अधूरा रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इस पुल का निर्माण करा रहे गायत्री बिल्डकॉन का मिला ठेका खत्म करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की हेराफेरी नहीं होनी चाहिए वरना संबंधित पदाधिकारियों और संवेदक पर कार्रवाई होगी
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चतरा जिले के 30 और लातेहार जिले के 54 गांवों को नल से पानी की सुविधा से आच्छादित करने का कार्य 31 मार्च तक पूरा हो जाना चाहिए।
सोरेन ने पिछले महीने बूढ़ा पहाड़ के लिए 100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 करोड़ रुपये की बूढ़ा पहाड़ विकास परियोजना के दायरे में गढ़वा में टिहरी पंचायत के 11 गांव और लातेहार में अक्सी पंचायत के 11 गांव आएंगे।
, संवाद, इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)