देश की खबरें | हिंसाग्रस्त मणिपुर में फंसे त्रिपुरा के सभी छात्रों को जल्द वापस लाएंगे : मुख्यमंत्री साहा

अगरतला, छह मई त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को घोषणा की कि हिंसाग्रस्त मणिपुर में फंसे राज्य के सभी छात्रों को यथाशीघ्र विशेष विमानों के जरिये वापस लाया जाएगा।

पड़ोसी राज्य में फंसे छात्रों के माता-पिता के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उल्लेखनीय है कि यह बैठक राज्य के मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा और पुलिस महानिदेशक अमिताभ रंजन की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई।

साहा ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर में फंसे त्रिपुरा के छात्रों की मदद के लिए गंभीरता से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छात्रों को वापस लाने के लिए सरकार द्वारा विशेष टीम हिंसा प्रभावित पड़ोसी राज्य भेजी जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा यथाशीघ्र विमान के जरिये छात्रों को लाने के लिए जरूरी व्यवस्था की जा रही है।’’

साहा ने मणिपुर के मौजूदा हालात की जानकारी प्राप्त करने के लिए दिन में वहां के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह से भी बात की।

गौरतलब है कि त्रिपुरा के करीब 200 छात्र मणिपुर स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं और मणिपुर में बुधवार को भड़की हिंसा के कारण फंस गए हैं।

इससे पहले, त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अनिमेश देबबर्मा ने हिंसाग्रस्त मणिपुर में फंसे राज्य के विद्यार्थियों को वापस लाने के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)