देश की खबरें | समय आने पर पंजाब में मुख्यमंत्री पद के लिए सही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा : केजरीवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा की घोषणा करने से इंकार कर दिया लेकिन साथ ही कहा कि समय आने पर सही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।
लुधियाना, 30 सितंबर आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा की घोषणा करने से इंकार कर दिया लेकिन साथ ही कहा कि समय आने पर सही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।
इसी सप्ताह कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू के आप में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर पत्रकारों के सवालों के जवाब में केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह कल्पना पर आधारित सवाल है। अगर ऐसा कुछ होता है तो हम आपको बता देंगे।’’
केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान को अपना छोटा भाई बताया। माना जा रहा है कि राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मान पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं।
जब एक पत्रकार ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी खुद को ‘आम आदमी’ के रूप में पेश कर रहे हैं, तो इस पर केजरीवाल ने कहा, ‘‘केजरीवाल की नकल करना आसान है, लेकिन उसको लागू करना मुश्किल है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहली बार जब 49 दिनों के लिए मेरी सरकार बनी थी तो मैंने भ्रष्टाचार में शामिल 32 अधिकारियों को जेल भेजा था... आरोप लग रहे हैं कि (पंजाब में) भ्रष्ट और दागदार अधिकारियों को बड़े-बड़े पद दिए जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज, आरोप लग रहे हैं कि चन्नी के मंत्रिपरिषद में ऐसे सदस्य हैं जो दागदार हैं... मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि केजरीवाल की नकल करने के अलावा उनमें कार्रवाई करने की हिम्मत भी होनी चाहिए।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उनकी पार्टी में पद की लालच में शामिल नहीं हुए हैं।
पंजाब के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘‘सभी देश और समाज (की सेवा करने) के लिए आए हैं।’’
केजरीवाल ने इंगित किया कि उन्होंने बार-बार कहा है कि ‘‘समय आने पर, हम मुख्यमंत्री पद के लिए आपको अच्छा चेहरा देंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह कोई भी हो सकता है। फिलहाल हम इसके बारे में नहीं सोच रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)