जरुरी जानकारी | ऊंचे तापमान से पंजाब के गेहूं उत्पादक किसान परेशान, फसल को नुकसान का अंदेशा

चंडीगढ़, 26 फरवरी पंजाब में पिछले कुछ दिन के दौरान सामान्य से अधिक तापमान की वजह से गेहूं उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ गई है। तापमान के ऊंचा रहने से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है।

पंजाब के कपूरथला जिले के एक किसान परविंदर सिंह का कहना है कि पिछले कुछ दिन से तापमान सामान्य से कहीं अधिक है। यह हमारी फसल को नुकसान पहुंचा सकता है।

तलवंडी महमा के किसान सिंह ने कहा, ‘‘साल के इस समय फसल को बहुत गर्मी की जरूरत नहीं होती। यदि तापमान कई दिनों तक सामान्य से ऊपर रहता है, तो यह गेहूं की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।’’

पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिन से अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि, पिछले दो-तीन दिन से न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।

भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहन) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां ने कहा, ‘‘तापमान में अचानक वृद्धि और कई दिनों तक इसका जारी रहना अनाज की गुणवत्ता और उपज को प्रभावित कर सकता है।’’ हालांकि, कोकरीकलां ने कहा कि अच्छी बात यह है कि पिछले कुछ दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई है और सुबह ठंडक रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी दोपहर के समय गर्म मौसम एक बड़ी चिंता की बात है।’’

हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने पीटीआई- से कहा कि अभी स्थिति चिंताजनक नहीं है। हालांकि, किसानों को सलाह दी गई है कि मार्च के मध्य में अधिकतम तापमान में वृद्धि जारी रहने की स्थिति में हल्की सिंचाई जैसे उपाय करने के लिए तैयार रहें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)