भिवानी/चंडीगढ़, तीन सितंबर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की अवधारणा को खारिज करते हुए सवाल किया कि ऐसी व्यवस्था से आम आदमी को क्या मिलेगा।
केजरीवाल ने भिवानी में एक अन्य मुद्दे पर भी भाजपा पर जवाबी हमला बोला। केजरीवाल ने यह पलटवार ऐसे समय किया जब एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक बयान में कहा था कि कई पार्टियां जनता को ‘रेवड़ी’ की पेशकश करती हैं।
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या गरीबों को गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त शिक्षा देना, गरीबों के लिए अच्छे अस्पताल बनाना और उन्हें मुफ्त इलाज देना कोई पाप या अपराध है।
हरियाणा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। केजरीवाल ने भिवानी में पार्टी की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप के पक्ष में एक लहर है क्योंकि राज्य के लोग "बदलाव" चाहते हैं।
केजरीवाल ने कहा, "इस देश के अंदर...धीरे-धीरे भाजपा का सफाया एक दिन आम आदमी पार्टी ही करेगी।"
उन्होंने 'एक राष्ट्र एक चुनाव' के विचार पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इसके बजाय एक राष्ट्र-एक शिक्षा होनी चाहिए, जहां अमीर या गरीब सभी को अच्छी शिक्षा मिले। उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव' से आम आदमी को क्या मिलेगा?’’ उन्होंने कहा, ‘‘कल से भाजपा इस बारे में बात कर रही है।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव। इससे हमें क्या मिलेगा? क्या एक राष्ट्र, एक चुनाव, एक राष्ट्र, 100 चुनाव, एक राष्ट्र, 1,000 चुनाव से आम आदमी को कुछ मिलेगा। क्या आम आदमी को कुछ मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्र, एक शिक्षा, सभी को समान शिक्षा मिलनी चाहिए, चाहे अमीर हो या गरीब।’’ उन्होंने कहा कि सभी को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलनी चाहिए और तभी देश को फायदा होगा। उन्होंने भाजपा से कहा, ‘‘हमें एक राष्ट्र, एक चुनाव की जरूरत नहीं है। आप इसे अपने पास रखें।’’
एक दिन पहले ही केंद्र ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे पर गौर करने और जल्द से जल्द सिफारिशें देने के लिए आठ सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति की अधिसूचना जारी की थी।
आप के एक कार्यक्रम में केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के अन्य नेता भी थे। उन्होंने हरियाणा में भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार व्याप्त है, उन्होंने कोई विकास नहीं किया। केजरीवाल ने कहा, "उन्होंने (भाजपा ने) कोई स्कूल, अस्पताल या सड़क नहीं बनाई।"
उन्होंने परोक्ष तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री की एक टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘खट्टर साहब ने कहा कि एक पार्टी आती है और कहती है कि वह यह और वह मुफ्त देगी।’’
एक दिन पहले, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बिना किसी का नाम लिए, ‘मुफ्त की रेवड़ी’ की पेशकश करने के बजाय भाजपा सरकार की आत्मनिर्भरता की प्रतिबद्धता पर जोर दिया था।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं आपसे (सभा से) पूछना चाहता हूं कि अगर हम इस देश के गरीब बच्चों को अच्छी और मुफ्त शिक्षा देते हैं, तो क्या हम कोई पाप करते हैं। बच्चों को मुफ्त में अच्छी शिक्षा देना, क्या इससे बेहतर राष्ट्र निर्माण का कोई काम हो सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम इस देश के गरीबों के लिए अच्छे अस्पताल बनाते हैं, अच्छे मोहल्ला क्लीनिक बनाते हैं और उन्हें बेहतर इलाज देते हैं और मुफ्त दवाओं की व्यवस्था करते हैं, तो क्या हम कोई पाप करते हैं। और फिर वे कहते हैं कि हम मुफ्त दे रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘हम उनकी तरह भ्रष्टाचार नहीं करते और पाप नहीं करते।’’
रेवड़ी पर खट्टर की टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए केजरीवाल ने कहा, "क्या आपको मुफ्त बिजली नहीं मिल रही है? अगर खट्टर साहब के लिए बिजली मुफ्त है तो क्या यह हरियाणा के लोगों के लिए मुफ्त नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मंत्रियों की बिजली भी मुफ्त है और लोग बिजली की कीमत चुका रहे हैं। आप प्रमुख केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में बिजली की कीमत बहुत अधिक है।
केजरीवाल ने कहा कि अगर आप हरियाणा में सरकार बनाती है तो पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी 24 घंटे मुफ्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।
केजरीवाल पार्टी के लगभग 4,000 पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भिवानी में थे, जिसमें राज्य, जिला और पार्टी के सर्कल स्तर के पदाधिकारी शामिल थे।
केजरीवाल ने कहा कि लोग हर गुजरते दिन के साथ आप के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अन्य पार्टियों और मौजूदा शासन से तंग आ चुके हैं और वे 'बदलाव' चाहते हैं।
केजरीवाल ने हरियाणा में अपनी पार्टी के जनाधार बढ़ाने पर कहा कि 31 अक्टूबर तक हर बूथ पर बूथ समितियां गठित कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में लगभग 20,000 बूथ हैं और आप के दो लाख पदाधिकारी होंगे।
उन्होंने आम आदमी पार्टी का जिक्र करते हुए कहा कि नब्बे प्रतिशत पदाधिकारी वे हैं जो हरियाणा के आम लोग हैं, जिनमें किसानों और व्यापारियों शामिल हैं।
अन्य पार्टियों पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि अगर ‘‘इन लोगों ने अपना काम ठीक से किया होता तो हम राजनीति में क्यों आते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश में किसी भी एक पार्टी का नाम बताएं जो कहती हो कि हम आपके बच्चों के लिए स्कूल बनाएंगे, हमें वोट दें। पूरे देश में ऐसी कोई पार्टी नहीं है...।’’ उन्होंने कहा, ''केवल आप ही ऐसा कहती है।''
केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह एक समय कहा करते थे कि ‘आप’ कुछ ही समय में खत्म हो जाएगी, लेकिन ‘‘हम पंजाब में सत्ता में आ गए।’’
उन्होंने कहा, ''अब हम हरियाणा में (सत्ता में) आएंगे और एक दिन आम आदमी पार्टी ही इस देश से भाजपा का सफाया कर देगी।''
राज्य के लिए 'कुछ नहीं करने' को लेकर खट्टर सरकार की आलोचना करते हुए केजरीवाल ने कहा, "क्या आज खट्टर साहब कह सकते हैं कि अगर मैंने (खट्टर) कोई काम नहीं किया है तो मुझे वोट मत देना। वह ऐसा नहीं कह सकते क्योंकि उन्होंने कोई काम नहीं किया है।’’
केजरीवाल ने केंद्र पर भी निशाना साधते हुए उस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और ''केवल एक व्यक्ति के लिए काम करने'' का आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY