लखनऊ, 22 मार्च उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक अपना दल (कमेरावादी) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी को गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए शुक्रवार को कहा कि बिहार में जो नीतीश कुमार के साथ हुआ, वही उत्तर प्रदेश में उसके साथ किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपना दल (कमेरावादी) को सीटों का कोई प्रस्ताव देता है तो पार्टी उस पर निर्णय लेगी।
पार्टी नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन के तहत, आगामी लोकसभा चुनाव के लिये उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी को एक भी सीट नहीं दिये जाने पर नाराजगी जाहिर की।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा था कि अपना दल (कमेरावादी) के साथ वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के लिये गठबंधन था, 2024 के लोकसभा चुनाव के लिये नहीं। इस बारे में पूछने पर पल्लवी पटेल ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में सपा अध्यक्ष यादव और राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी यानी कांग्रेस यह बताएं कि वे अपना दल (कमेरावादी) के साथ क्या करने जा रहे हैं।
पटेल ने कहा, ''जिन लोगों ने इंडिया गठबंधन बनाया है, वह प्रमाणित करें कि हम उसका हिस्सा हैं या नहीं।''
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, ''बिहार में (पूर्व में इंडिया गठबंधन में शामिल रहे जनता दल यूनाइटेड के नेता) नीतीश कुमार के साथ जो हुआ, वही उत्तर प्रदेश में (अपना दल—कमेरावादी की अध्यक्ष) राजमाता कृष्णा पटेल के साथ हो रहा है।''
पटेल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इंडिया गठबंधन में नीतीश कुमार के साथ क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर, फूलपुर और कौशाम्बी लोकसभा सीटें मांगी थीं मगर उन्हें एक भी सीट नहीं दी गयी।
गठबंधन को लेकर सपा के रवैये के बारे में उन्होंने कहा, ''(सपा के) 2017 में 47 विधायक जीते। साल 2022 में ओम प्रकाश राजभर जी उनके साथ आये, संजय चौहान, केशव देव मौर्या, जयंत चौधरी, राजमाता कृष्णा पटेल साथ आये तब आप 47 से 111 हुए और 34 प्रतिशत वोट आपको मिले। इसके बाद आपको लगने लगा कि 34 प्रतिशत वोट आपके हैं और अब आपको किसी की जरूरत नहीं है। आप गलतफ़हमी में जी रहे हैं।''
उनसे पूछा गया कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपना दल (कमेरावादी) को सीटों का कोई प्रस्ताव देता है तो क्या वह उसे स्वीकार करेंगी? इस पर पटेल ने कहा, ''इस बारे में अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है लेकिन अगर ऐसा कुछ होता है तो कोई भी निर्णय पार्टी ही करेगी।''
उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन से बातचीत के दरवाजे अभी खुले हैं।
पटेल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर गठबंधन प्रत्याशी के रूप में सिराथू सीट से चुनाव लड़ा था जहां उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पराजित किया था।
सपा से तल्खी के बाद वह विधायक पद से इस्तीफा देने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ''मैं समाजवादी पार्टी की विधायक नहीं हूं। मैं अपना दल गठबंधन की विधायक हूं। हालांकि सपा को मुझसे इस्तीफा मांगने और मुझे निकालने का अधिकार है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY