झारग्राम, 27 मई पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी के काफिले पर किये गये हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले के दौरान मंत्री बीरबाहा हांसदा के वाहन में तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान अजीत महतो, अनित महतो, मनमोहित महतो और अनूप महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अनूप झारग्राम जिले के माणिकपारा का रहने वाला है, जबकि तीन अन्य गढ़ सालबोनी के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि यह हमला शुक्रवार शाम को किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, बनर्जी के काफिले पर कथित तौर पर तब पत्थर फेंके गए थे, जब वह झारग्राम शहर में रोड शो करने के बाद लोधासुली के पास गजमुल जा रहे थे। इस दौरान हांसदा के वाहन में तोड़फोड़ की गई।
पुलिस ने कहा कि कार की टूटी हुई विंडस्क्रीन के कांच के टुकड़े हांसदा को लगे और इससे उनका चालक भी घायल हो गया। काफिले के पीछे चल रहीं कई मोटरसाइकिलों और अन्य कारों में भी तोड़फोड़ की गई।
आरोपियों को कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। इसके बाद इन्हें अदालत में पेश किया गया जहां से चारों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग को लेकर कुर्मी समुदाय के सदस्य हफ्तों से इस क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
हमले के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने 48 घंटों का अल्टीमेटम देते हुए कुर्मी संगठनों से कहा है कि वह स्पष्ट करें कि क्या उनके सदस्य इस हिंसा में शामिल थे।
इसके जवाब में कुर्मी समाज के अध्यक्ष राजेश महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि कुछ लोग उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी तरह की हिंसा का समर्थन नहीं करते। हम इस घटना की निंदा करते हैं। पूरी जांच कराएं। हमारे शांतिपूर्ण आंदोलन की छवि जो लोग खराब करने की साजिश कर रहे हैं, हम उनकी कड़ी निंदा करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY