नयी दिल्ली, 27 नवंबर उद्योगपति गौतम अडाणी के समूह ने सोमवार को कहा कि उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग के निर्माण में उनकी कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष भागीदारी नहीं है। सुरंग का एक हिस्सा ढहने के बाद से 41 मजदूर उसमें अभी तक फंसे हुए हैं।
अडाणी समूह के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि सुरंग के निर्माण में शामिल कंपनी में समूह का कोई स्वामित्व या हिस्सेदारी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया के एक हिस्से में सिलक्यारा सुरंग के निर्माण में अडाणी समूह के शामिल होने का संदेह जताया गया है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम स्पष्ट करते हैं कि अडाणी समूह या उसकी किसी अनुषंगी कंपनी की सुरंग के निर्माण में किसी भी प्रकार की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भागीदारी नहीं है। हम यह भी स्पष्ट करते हैं कि सुरंग के निर्माण में शामिल कंपनी में हमारी कोई हिस्सेदारी नहीं है।’’
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रही सिलक्यारा सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था। इससे उसमें काम कर रहे 41 मजदूर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर कई एजेंसियां बचाव अभियान चला रही हैं।
अडाणी समूह ने उसका नाम इस हादसे से जोड़े जाने की कड़ी निंदा की और कहा, ‘‘इस समय हमारी संवेदनाएं फंसे हुए मजदूरों तथा उनके परिवारों के साथ हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY