एजेंसी न्यूज

UP: हमने तुष्टिकरण नहीं, सशक्तिकरण पर ध्यान दिया है- योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने तुष्टिकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण पर ध्यान दिया है, सब का विकास किया है.

UP: हमने तुष्टिकरण नहीं, सशक्तिकरण पर ध्यान दिया है- योगी आदित्यनाथ
Yogi Adityanath (Photo Credit: IANS)

प्रयागराज, दो मई: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने तुष्टिकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण पर ध्यान दिया है, सब का विकास किया है.

महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के पक्ष में शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लीडर प्रेस ग्राउंड में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश, परिवारवादी और जातिवादी मानसिकता के दलों से आगे बढ़कर एक राष्ट्रवाद की सोच के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है.’’यह भी पढ़ें: UP: भाजपा सरकार ने ‘तुष्टीकरण’ के बजाय विकास पर ध्यान केंद्रित किया- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के एक साधारण से कार्यकर्ता गणेश केसरवानी को महापौर का प्रत्याशी बनाना यह साबित करता है कि भाजपा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की पार्टी है। यही देश का लोकतंत्र है और भाजपा का लोकतंत्र है.’’ परोक्ष तौर पर माफिया अतीक अहमद के संदर्भ में इशारा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘जहां अन्याय और अत्याचार से पीड़ित व्यक्ति न्याय पाने की अभिलाषा से

आता है, कुछ लोगों ने उस प्रयागराज की धरती को अन्याय और अत्याचार का शिकार बना दिया था. लेकिन यह प्रकृति ना किसी पर अत्याचार करती है और ना किसी के अत्याचार को स्वीकार करती है. सबका हिसाब बराबर करके रख देती है.’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह वही उत्तर प्रदेश था जहां पर्व और त्योहार भय और आतंक के साये में मनाए जाते थे। लेकिन आज प्रदेश में पर्व और त्योहार खुशहाली लाते हैं. आज प्रदेश में कर्फ्यू नहीं, दंगा नहीं, बल्कि सभी ओर चंगा ही चंगा है.’’

उन्होंने कहा जो लोग पहले आतंक के बल पर गरीबों की संपत्तियों पर कब्जा करते थे, व्यापारियों से रंगदारी वसूलते थे, आज गले में तख्ती लटकाकर जाने के लिए मजबूर हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी को राज्य के व्यापारी कल्याण बोर्ड की ओर से 10 लाख रुपये की सुरक्षा बीमा दिया जा रहा है.

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘आज नगरों में किसी प्रकार का शोहदों का आतंक नहीं है। आज हमारे नगर ‘सेफ सिटी’ (सुरक्षित शहर) हो रहे हैं। लड़कियां सुरक्षित स्कूल जा सकती हैं, व्यापारी व्यापार कर सकता है। आज युवाओं के हाथ में तमंचे नहीं, टैबलेट हैं.’’

मुख्यमंत्री ने नगर वासियों से प्रयागराज नगर निगम के सभी 100 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों और महापौर प्रत्याशी को विजयी बनाकर 2025 में होने वाले महाकुम्भ को और भी दिव्य और भव्य बनाने का आह्वान किया. इस अवसर पर, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इलाहाबाद लोकसभा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, कौशांबी सांसद विनोद सोनकर, निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और कई विधायक मौजूद थे. प्रयागराज नगर निगम का चुनाव आगामी चार मई को होगा, जबकि चुनाव प्रचार अभियान मंगलवार शाम समाप्त हो रहा है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2023 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).