देश की खबरें | द्रमुक के साथ हमारे बहुत अच्छे रिश्ते: राहुल

करूर (तमिलनाडु), 25 जनवरी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक के साथ उनकी पार्टी के रिश्ते बहुत अच्छे हैं।

उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब पुडुचेरी में कांग्रेस और द्रमुक के गठबंधन में दरार की खबरें हैं और यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या इसका तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गठबंधन पर भी असर होगा।

कांग्रेस नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘द्रमुक के साथ हमारा बहुत अच्छा रिश्ता है। करुणानिधि (दिवंगत) को लेकर हमारे मन बहुत सम्मान है। स्टालिन जी का हम पूरा सम्मान करते हैं और गठबंधन में हमें पूरा विश्वास है।’’

राहुल गांधी से पुडुचेरी में दोनों पार्टियों के बीच के रिश्तों को लेकर सवाल किया गया था।

पिछले सप्ताह पुडुचेरी में कांग्रेस और द्रमुक के बीच रिश्तों में कड़वाहट की अटकलें उस वक्त आरंभ हुई जब द्रमुक के वरिष्ठ नेता एस जगतरतचगन ने कहा कि उनकी पार्टी इस केंद्रशासित प्रदेश की सभी 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

तमिलनाडु और पुडुचेरी में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)