देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के कारण जलभराव व यातायात जाम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में बारिश के कारण बुधवार को कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात जाम हो गया।
नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली में बारिश के कारण बुधवार को कई इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात जाम हो गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्हें शहर में यातायात जाम और जलभराव से संबंधित कई फोन आए।
बारिश के कारण दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास एक नाला ‘ओवरफ्लो’ हो गया।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष को बुधवार को उत्तम नगर और वसंत कुंज इलाके में जलभराव की दो शिकायतें मिलीं।
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण कक्ष को बारिश के कारण भजनपुरा और झिलमिल में पेड़ गिरने की सूचना मिली है और बुध विहार इलाके में एक इमारत को आंशिक नुकसान की शिकायत मिली।
दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर पर कहा, “ तिमारपुर पार्किंग के पास जलभराव के कारण वजीराबाद फ्लाईओवर से थाना तिमारपुर की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात प्रभावित है। कृपया इस मार्ग का उपयोग करने से बचें।”
ट्वीट में कहा गया है, “ यूसुफ सराय के पास जलभराव के कारण एम्स से आईआईटी की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित है। अधचीनी के पास जलभराव के कारण आईआईटी से लाडो सराय की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित है।”
पेशे से वकील रोहित चौधरी ने कहा, “ मुकरबा चौक के पास यातायात जाम ने मेरे और मेरे सहयोगी के लिए रोहिणी अदालत तक पहुंचना मुश्किल कर दिया। बारिश में कार से आना-जाना बहुत मुश्किल हो जाता है।”
अन्य लोगों ने भी ट्विट पर मुकरबा चौक इलाके के पास यातायात जाम को लेकर शिकायत की।
एक व्यक्ति ने कहा कि अलीपुर से मुकरबा चौक जाने वाले रास्ते पर भयंकर जाम है और कम से कम 30 मिनट से कोई गाड़ी अपनी जगह से हिली नहीं है।
एक महिला ने कहा कि वह हवाई अड्डे की ओर जाते समय एक घंटे तक जाम में फंसी रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)