चंडीगढ़, 22 जुलाई पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश हुई, जिससे दोनों राज्यों के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारी भाखड़ा बांध में बढ़ते जल स्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि करतारपुर गलियारे के जरिये पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब की तीर्थयात्रा को बारिश के कारण अगले दो दिनों के लिए रोक दिया गया है।
गुरदासपुर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों द्वारा किए गए आकलन के बाद यह फैसला लिया गया।
उन्होंने बताया कि जलसंग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश की वजह ये यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में शनिवार सुबह आठ बजे जल प्रवाह 87,177 क्यूसेक था जो दोपहर दो बजे बढ़कर 2,51,987 क्यूसेक के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, शाम छह बजे यह घटकर 1,85,738 क्यूसेक रह गया।
अधिकारियों ने बताया कि भाखड़ा नांगल बांध की अधिकतम भंडारण क्षमता 1,680 फुट है, तथा वर्तमान में यह 1,652 फुट तक पहुंच गया है।
पंजाब के रूपनगर जिले के नंगल इलाके में अधिकारियों ने बांध में पानी बढ़ने के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के होशियारपुर में शनिवार की बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कई इलाके जलमग्न हो गए।
पंजाब में भारी बारिश की वजह से अमृतसर में स्थित स्वर्ण मंदिर के पास हेरिटेज स्ट्रीट में भी पानी भर गया है। वहीं, हरियाणा के अंबाला में टांगरी नदी उफान पर है और अंबाला छावनी के कुछ इलाकों में कई घरों में पानी घुस गया है।
सिंचाई विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार सुबह टांगरी नदी में करीब 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिसके कारण, जिला प्रशासन ने बांध के आसपास के इलाकों में स्कूलों को बंद करने की घोषणा की और इसके आसपास रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की।
रिपोर्ट के मुताबिक, घग्गर नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
चंडीगढ़ में मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के अंबाला में शनिवार को 13 मिमी बारिश हुई, जबकि नारनौल में छह मिमी, करनाल में 46 मिमी, पंचकुला में 19 मिमी और यमुनानगर में 18.5 मिमी बारिश हुई।
वहीं, पंजाब के अमृतसर में 85 मिमी बारिश हुई, जबकि फिरोजपुर में 74 मिमी, जालंधर में 54.5 मिमी, मोगा में 45.5 मिमी, फरीदकोट में 41.5, एसबीएस नगर में आठ मिमी और मोहाली में चार मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पांच मिमी बारिश दर्ज की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY