देश की खबरें | दिल्ली में जल संकट भाजपा द्वारा प्रायोजित है: संजय सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर सहित)
(तस्वीर सहित)
नयी दिल्ली, 17 जून आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में जल संकट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रायोजित है।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि प्यासे को पानी पिलाने से ज्यादा पुण्य का काम नहीं होता और पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं है।"
सिंह ने आरोप लगाया, "मैं कह रहा हूं कि यह भाजपा प्रायोजित जल संकट है। भाजपा चाहती है कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले और वे यह सुनिश्चित करने के लिए सभी षड्यंत्र कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से पानी मिलता है और जब भाजपा शासित राज्य आवश्यक पानी नहीं देता है तो पानी की किल्लत हो जाती है।
उन्होंने दावा किया, "हमें अपनी मांग के अनुसार पानी नहीं मिल रहा है। जब हम हरियाणा सरकार से अनुरोध करते हैं तो वह नहीं सुनती। हम उपराज्यपाल से अनुरोध करते हैं लेकिन वे आवश्यक काम नहीं करते।"
कुछ सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पानी की किल्लत है। जलापूर्ति कम होने या न होने की वजह से लोग परेशान हैं तथा निजी जल टैंकर से पानी ले रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)