देश की खबरें | सर्दी के मौसम में बेघर लोगों की ‘मौत’ पर भाजपा और दिल्ली सरकार के बीच वार-पलटवार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी के मौसम में ठंड के कारण अब तक 203 बेघर लोगों की मौत होने का आरोप लगाये जाने के बाद भाजपा और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के बीच शुक्रवार को जुबानी जंग छिड़ गई।
नयी दिल्ली, 15 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी के मौसम में ठंड के कारण अब तक 203 बेघर लोगों की मौत होने का आरोप लगाये जाने के बाद भाजपा और दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के बीच शुक्रवार को जुबानी जंग छिड़ गई।
भाजपा विधायकों ने इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सदन में जवाब देने की मांग की।
यह मामला दिल्ली विधानसभा के अंदर और बाहर भी गूंजा। भाजपा ने दिल्ली पुलिस की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि पिछले महीने के दौरान दिल्ली की सड़कों पर 203 बेघर लोगों की मौत हो गई।
इस पर पलटवार करते हुए दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि तस्वीरें (मृतकों की) नवंबर की हैं जब यहां सर्दी शुरू नहीं हुई थी।
सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद भारद्वाज ने कहा, ‘‘साथ ही, इन तस्वीरों में गंभीर चोटों के निशान भी साफ दिख रहे हैं, जिससे साबित होता है कि या तो वे दुर्घटनाओं में मारे गए या फिर उनकी हत्या कर दी गई।’’
भोजनावकाश के बाद विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण में कथित रूप से बाधा डालने पर नियम 55 के तहत एक अल्पकालिक चर्चा शुरू हुई।
विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मौजूदा सर्दी के मौसम में दिल्ली में 203 बेघर लोगों की कथित मौत पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का नोटिस दिया।
विधूड़ी ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मुद्दे पर सदन में जवाब दें।’’
विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने विधूड़ी के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि वह मामले का अध्ययन करेंगे और इसके बाद इस पर निर्णय लेंगे ।
भाजपा विधायकों के अपनी मांग पर अड़े रहने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल को उन्हें (भाजपा विधायकों) को सदन से बाहर करने का आदेश दिया ।
बिधूड़़ी ने आरोप लगाया कि दिल्ली के लोगों के मुद्दे पर भाजपा विधायकों ने 12 नोटिस दिये, लेकिन इनमें से एक को भी चर्चा के लिये स्वीकार नहीं किया गया।
बाद में एक बयान में बिधूड़ी ने कहा कि पुलिस रिपोर्ट में 13 नवंबर से 13 दिसंबर तक का आंकड़ा शामिल है।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार जनता से जुड़े किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिये तैयार नहीं है और वह दिल्ली में 203 लोगों की मौत के लिए भी खुद को जिम्मेदार नहीं बता रही है।’’
बिधूड़ी ने मांग की कि इस मामले पर बयान देने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री को विधानसभा में बुलाया जाए ।
इस बीच, एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार और उसके डीयूएसआईबी विभाग के ‘संवेदनहीन’ रवैये और ‘उपेक्षा’ के कारण, ठंड में राजधानी में हर साल सैकड़ों बेघर लोग मर जाते हैं।’’
सचदेवा ने कहा, ‘‘हर साल अदालत की बार-बार फटकार और अखबारों में छपी खबरों के बावजूद दिल्ली सरकार यहां के रैन बसेरों को भोजन के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं करा रही है।’’
प्रदेश भाजपा प्रमुख ने कहा कि दिल्ली सरकार की शीतकालीन कार्य योजना के लिए अधिकारियों को बेघर लोगों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की आवश्यकता है ताकि वे सर्दियों में बीमार न पड़ें।
उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर की तारीख आ गई है, लेकिन केजरीवाल सरकार की लापरवाही के कारण अब तक यहां के 90 फीसदी स्थायी और अस्थायी रैन बसेरों की हालत बदतर है।
भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुये भारद्वाज ने पार्टी पर झूठ बोलकर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया ।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ने एक दिसंबर से शुरू हुई शीतकालीन कार्य योजना के तहत सर्दियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)