ताजा खबरें | झारखंड के चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शनिवार को मतदान, 93 उम्मीदवार मैदान में
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. झारखंड के चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों-गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में शनिवार को होने वाले मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। एक चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रांची, 24 मई झारखंड के चार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों-गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में शनिवार को होने वाले मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। एक चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में (जो राज्य में तीसरे दौर का चुनाव है) कुल 93 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें गिरिडीह से 16, धनबाद से 25, रांची से 27 और जमशेदपुर सीट से 25 उम्मीदवार शामिल हैं।
एक चुनाव अधिकारी ने कहा कि 40.09 लाख महिला मतदाताओं सहित लगभग 82.16 लाख मतदाता इन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
कुल मतदाताओं में से 2.5 लाख 18-19 आयु वर्ग के हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। वहीं 290 तृतीय लिंगी मतदाता हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस चरण में 766 मतदाता 100 वर्ष से अधिक उम्र के हैं।
उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नेहा अरोड़ा ने कहा कि चुनाव कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा, "शहरी क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए शहरी स्थानीय निकायों, निवासी कल्याण संघों और मतदाता जागरूकता मंचों से संपर्क किया गया है, ताकि कोई भी मतदाता छूट न जाए।"
उन्होंने कहा कि इस चरण में 35,852 मतदान कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान दलों को उनके संबंधित स्थानों के लिए शुक्रवार को रवाना किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हर बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अरोड़ा ने कहा, ''मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शनिवार शाम पांच बजे समाप्त होगा।''
एक अन्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि चार संसदीय क्षेत्रों में कुल मिलाकर 8,963 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
झारखंड में सभी चार लोकसभा सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।
रांची लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी और कांग्रेस नेता यशस्विनी सहाय भाजपा के मौजूदा सांसद संजय सेठ के खिलाफ सीधी लड़ाई में हैं।
धनबाद में भाजपा के बाघमारा से विधायक दुलु महतो और कांग्रेस के बेरमो से विधायक कुमार जयमंगल की पत्नी अनुपमा सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।
जमशेदपुर में भाजपा के मौजूदा सांसद विद्युत बरन महतो और झामुमो के बहरागोरा से विधायक समीर मोहंती के बीच भी सीधी लड़ाई होने की संभावना है।
गिरिडीह में ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) पार्टी के चंद्र प्रकाश चौधरी का मुकाबला झामुमो के टुंडी से विधायक मथुरा महतो से है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए हरसंभव प्रयास किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2024 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

