देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, तीन नवम्बर उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया।

प्रदेश की नौगांवा सादात, बुलंदशहर, टूंडला, बांगरमऊ, घाटमपुर, देवरिया तथा मल्हनी सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच 94 सीटों के लिए मतदान शुरू, 2.85 करोड़ से अधिक मतदाता 1,463 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का करेंगे फैसला.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूचना के मुताबिक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है और अभी तक कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

कोविड-19 महामारी के समय प्रदेश में पहली बार हो रही इस चुनावी कवायद में कुल 24,34,368 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। उपचुनाव में कुल 88 प्रत्याशी मैदान में हैं।

यह भी पढ़े | कानपुर: घाटमपुर की बूथ संख्या 160, 158, 161 पर EVM खराब, वोटिंग प्रक्रिया अब तक नहीं हुआ शुरू: 3 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उपचुनाव के लिए 1,754 मतदान केंद्र तथा 3,655 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान के लिए 5,127 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट और 5,492 वीवीपैट तैयार किए गए हैं।

कोविड-19 के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने मतदान स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,000 तक रखने के निर्देश दिए हैं।

मतदान केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल सुनिश्चित कराने के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, दस्ताने, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन और पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। मतदेय स्थल पर हर मतदाता की थर्मल स्कैनिंग की जाएगी।

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्द्धसैनिक बलों समेत सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।

इस उपचुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित किया जाएगा।

नौगांवा सादात, बुलंदशहर, घाटमपुर, देवरिया और मल्हनी सीटें वर्ष 2017 में इन पर चुने गए विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुई हैं। वहीं, बांगरमऊ सीट भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उम्र कैद की सजा सुनाये जाने के कारण उनकी सदन की सदस्यता समाप्त होने जबकि टूंडला की सीट यहां से विधायक चुने गए एसपी सिंह बघेल के आगरा से सांसद बनने के बाद खाली हुई है।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इन सात सीटों में से छह पर भाजपा ने जबकि मल्हनी सीट पर सपा ने जीत हासिल की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\