नयी दिल्ली, 14 अगस्त कर्ज में डूबी दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (वीआईएल) का चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही का एकीकृत शुद्ध घाटा बढ़कर 7,840 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
कंपनी को इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,295.7 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
वोडाफोन आइडिया ने सोमवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि आलोच्य तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय 2.3 प्रतिशत बढ़कर 10,655.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 10,406.8 करोड़ रुपये थी।
वोडाफोन आइडिया की प्रति ग्राहक औसत कमाई (एआरपीयू) जून तिमाही में बढ़कर 139 रुपये हो गई, जो इससे पिछले साल की समान तिमाही में 128 रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का पूंजीगत व्यय 450 करोड़ रुपये रहा। इसका कुल सकल ऋण जून के अंत में 2,11,760 करोड़ रुपये रहा। इसमें स्पेक्ट्रम शुल्क का 1,33,740 करोड़ रुपये का लंबित भुगतान और 66,860 करोड़ रुपये का समायोजित सकल राजस्व शामिल है।
वीआईएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अक्षय मूंदड़ा ने बयान में कहा, ‘‘औसत दैनिक राजस्व, एआरपीयू और 4जी ग्राहकों में वृद्धि का यह लगातार आठवीं तिमाही रही। यह बाजार में प्रभावी ढंग से परिचालन और प्रतिस्पर्द्धा करने की हमारी क्षमता को दर्शाती है।’’
वोडाफोन आइडिया ने जून तिमाही में करीब 1,000 स्थलों पर 4जी नेटवर्क स्थापित किए। हालांकि, कंपनी की 5जी सेवाएं देने की योजना अब भी पिछड़ी हुई है।
कंपनी ने कहा, ‘‘हम अपनी 5जी पेशकश रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कई नेटवर्क कंपनियों से बात कर रहे हैं। हमने अपने 5जी नेटवर्क पर सभी प्रमुख उपकरण निर्माताओं के उपकरणों का परीक्षण किया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY