जरुरी जानकारी | विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया ने आईपीओ से पहले बड़े निवेशकों से 92 करोड़ रुपये जुटाए

नयी दिल्ली, 23 अगस्त इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) कंपनी विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले बड़े (एंकर) निवेशकों से 92 करोड़ रुपये जुटाए। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कंपनी ने 92.7 लाख इक्विटी शेयरों को 99 रुपये प्रति शेयर की दर से एंकर निवेशकों को आवंटित करने का फैसला किया है।

एंकर निवेशकों में क्वांट म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, बीएनपी परिबास, कॉपथाल मॉरीशस इनवेस्टमेंट लिमिटेड, मिल्की इनवेस्टमेंट एंड ट्रेडिंग कंपनी, सोसाइटी जनरल और मिनर्वा इमर्जिंग अपॉर्चुनिटीज फंड लिमिटेड थे।

कंपनी ने अपने पहले सार्वजनिक निर्गम के लिए मूल्य दायरा 94-99 रुपये तय किया है। आईपीओ के लिए आवेदन 24 अगस्त से 28 अगस्त तक दिया जा सकेगा।

आईपीओ से मूल्य दायरे के निचले स्तर पर 293.28 करोड़ रुपये और ऊपरी स्तर पर 308.88 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।

जोधपुर की कंपनी को केंद्र एवं राज्य सरकार के लिए प्रमुख निर्माण परियोजनाओं के डिजायन एवं निर्माण का अनुभव है।

कंपनी इस समय नौ राज्यों में परियोजनाओं पर काम कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)