देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में पराली जलाने पर ग्राम प्रधान भी होंगे जवाबदेह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में प्रदूषण फैलाने वाली प्रमुख गतिविधियों में शामिल कृषि अवशेष यानी पराली जलाये जाने पर अब ग्राम प्रधान की भी जवाबदेही तय करके कार्रवाई की जाएगी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 12 अक्टूबर उत्तर प्रदेश में प्रदूषण फैलाने वाली प्रमुख गतिविधियों में शामिल कृषि अवशेष यानी पराली जलाये जाने पर अब ग्राम प्रधान की भी जवाबदेही तय करके कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने सोमवार को राज्य के सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये दिये गये निर्देश में कहा कि प्रदेश में जहां पर भी पराली जलाने से सम्बन्धित घटना संज्ञान में आती है, तत्काल सम्बन्धित व्यक्ति के साथ-साथ गांव के स्तर पर ग्राम प्रधान की भी जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: BJP विधायक सुरेंद्र सिंह का विवादित बयान, राहुल गांधी और प्रियंका को बताया मानसिक हिंदू विरोधी.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी भी स्थान पर पराली जलाने से सम्बन्धित घटना कतई न होने दी जाए। खेतों में फसल कटने के बाद पराली को मौके पर ही अपघटित कराने की व्यस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। पराली को गोवंश संरक्षण केन्द्रों पर तुरंत पहुंचाया जाए और लापरवाही करने वाले सम्बन्धित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में विशेष रूप से ग्राम स्तर पर पोस्टर, बैनर एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से पराली न जलाये जाने की जानकारी दी जाए। साथ ही किसानों को पराली जलाने से होने वाले बुरे प्रभावों के बारे में भी बताया जाए।

यह भी पढ़े | दिल्ली में धूल प्रदूषण कम करने के लिए केजरीवाल सरकार का प्लान, सभी को करना होगा इन पांच दिशा-निर्देशों का पालन.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पराली के निस्तारण के लिये हर जिले में उपयुक्त कृषि यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

तिवारी ने कहा कि वायु प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिये कूड़ा, पालीथीन, पराली इत्यादि के जलाने पर पूरी तरह रोक लगायी जाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\