देश की खबरें | विजय की पार्टी ने वक्फ विधेयक के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया

चेन्नई, चार अप्रैल अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने शुक्रवार को वक्फ विधेयक के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन किया और इसे वापस लेने की मांग की।

टीवीके महासचिव एन. आनंद के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित विधेयक के खिलाफ यहां एकत्र हुए और उन्होंने ‘आइए वक्फ विधेयक को खारिज करें’ और ‘मुसलमानों के अधिकार मत छीनो’ जैसी नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र को वक्फ संपत्तियों से संबंधित मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और दावा किया कि केंद्र सरकार ने विधेयक पारित कर ‘वक्फ संपत्तियों के लिए खतरा’ पैदा कर दिया है।

प्रदर्शनकारियों ने ‘अल्पसंख्यकों के साथ विश्वासघात मत करो’ और ‘आइए हम धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करें’ जैसी नारेबाजी भी की।

मदुरै, कोयम्बटूर, तिरुचिरापल्ली, थूथुकुडी और तंजावुर शहरों में टीवीके ने विरोध प्रदर्शन किया।

विजय ने बृहस्पतिवार को वक्फ विधेयक को ‘लोकतंत्र विरोधी’ करार दिया और इसे वापस लिए जाने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अगर यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उनकी पार्टी मुसलमानों के साथ मिलकर उनके ‘वक्फ अधिकारों के कानूनी संघर्ष’ में शामिल होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)