देश की खबरें | मप्र में महिला की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित, सात व्यक्ति गिरफ्तार

धार (मध्य प्रदेश), 22 जून मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले में एक महिला की कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के देवरों समेत सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

वीडियो में देखा जा सकता है कि पुरुषों का एक समूह उस महिला की सरेआम पिटाई कर रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यह देखा जा सकता है कि चार पुरुष महिला को पकड़े हुए हैं, जबकि एक पुरुष डंडे से उसकी पिटाई कर रहा है।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना 20 जून को हुई थी, जिससे पहले वह शादीशुदा महिला एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर घर से भाग गई थी।

विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की। जांच में पता चला कि यह घटना धार जिले के टांडा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी।

सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया।

उन्होंने कहा कि महिला की पिटाई करने वाले नूर सिंह भूरिया समेत सभी सात आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 34 (सामूहिक आपराधिक कृत्य) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किये गये लोगों में महिला के दो देवर, एक सरपंच और अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ये सभी आदिवासी हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''धार जिले की इस घटना ने एक बार फिर भाजपा सरकार में, महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। मध्य प्रदेश, महिलाओं पर अत्याचार के मामले में पहले स्थान पर है।''

उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव को टैग करते हुए पूछा, ''क्या धार की ये बहनें आपकी सरकार से यह उम्मीद कर सकती हैं कि इस घटना की जल्द और निष्पक्ष जांच होगी तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर न्याय मिलेगा?''

पटवारी ने सवाल किया कि मध्य प्रदेश में ही महिलाओं का सर्वाधिक उत्पीड़न क्यों होता है? उन्होंने पूछा, ''महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोकने में आपकी सरकार बार-बार क्यों विफल हो रही है?''

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर धार (आरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)