सपा विधायक और कोतवाली प्रभारी के बीच विवाद का वीडियो सामने आया, जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश के बलिया जिला मुख्यालय पर रेलवे स्टेशन के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक संग्राम सिंह यादव और कोतवाली प्रभारी के बीच हुए विवाद का वीडियो सामने आने के बाद घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
बलिया, 28 अक्टूबर : उत्तर प्रदेश के बलिया जिला मुख्यालय पर रेलवे स्टेशन के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक संग्राम सिंह यादव और कोतवाली प्रभारी के बीच हुए विवाद का वीडियो सामने आने के बाद घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जांच एक पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गा प्रसाद तिवारी के मुताबिक, बलिया जिले के फेफना विधानसभा क्षेत्र के विधायक संग्राम सिंह यादव और बलिया शहर कोतवाली के प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह के बीच रेलवे स्टेशन के सामने वाहन की पार्किंग को लेकर तीखी बहस होने का वीडियो सामने आया है.
तिवारी ने बताया कि इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच का जिम्मा पुलिस उपाधीक्षक (शहर) को सौंपा गया है. एएसपी ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, विधायक संग्राम सिंह यादव के बेटे ने बृहस्पतिवार शाम अपनी लग्जरी गाड़ी रेलवे स्टेशन के सामने पुलिस पिकेट से सटाकर खड़ी कर दी थी. अधिकारी ने बताया कि पुलिस पिकेट के बाहर कुर्सी पर बैठे कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने विधायक के बेटे से गाड़ी हटाने के लिए कहा था, जिसके बाद दोनों के बीच वाद-विवाद शुरू हो गया था. यह भी पढ़ें : Kanpur Shocker: बम फटने से गाय के जबड़े के उड़े चीथड़े, पुलिस ने शुरू की जांच; CCTV खंगालने में जुटा प्रशासन
अधिकारी के मुताबिक, विवाद ने तूल पकड़ लिया और थोड़ी देर बाद सपा विधायक भी अपने बेटे के पक्ष में मौके पर पहुंच गए. वहीं, विधायक यादव ने संवाददाताओं से कहा कि कोतवाली प्रभारी ने उनके बेटे से वाहन हटाने को कहा था, जिसके लिए वह तैयार हो गया था, लेकिन इसके बाद कोतवाली प्रभारी ने उनके बेटे को अपशब्द कहे तथा उन्हें व उनके बेटे को देख लेने की धमकी दी. यादव के मुताबिक, कोतवाली प्रभारी ने यह भी कहा कि सपा की सरकार नहीं है. उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से करेंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 28, 2022 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

