देश की खबरें | मारपीट में गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ता को विशेष सुविधाएं मिलने का वीडियो वायरल, दो पुलिसकर्मी निलंबित

छत्रपति संभाजीनगर, 25 मार्च महाराष्ट्र के बीड जिले में मारपीट के मामले में गिरफ्तार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय कार्यकर्ता को जेल में विशेष सुविधाएं दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद दो पुलिसकर्मियों को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि सतीश भोसले उर्फ ​​खोक्या को विशेष सुविधाएं दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किए जाने के बाद बीड के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवनीत कंवत ने चकलांबा पुलिस थाने के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

अधिकारी के मुताबिक, “एसपी ने चकलांबा थाने में तैनात दो पुलिस नायक कैलाश खटाने और विनोद सुरवासे को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, चकलांबा थाना प्रभारी संदीप पाटिल को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है।”

भाजपा के स्थानीय विधायक सुरेश धस के करीबी सहयोगी भोसले के खिलाफ एक व्यक्ति पर क्रिकेट बैट से हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद उसे इस महीने की शुरुआत में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था।

भोसले कई अन्य आपराधिक मामलों में भी आरोपी है, जिनमें वन विभाग की ओर से दर्ज एक मामला भी शामिल है।

सोशल मीडिया पर सोमवार को सामने आए एक वीडियो में भोसले बीड जिला कारागार के बाहर जमीन पर बैठकर खाना खाते हुए दिखाई दे रहा है। वह जैसे ही खाना खत्म कर उठता है, सादे कपड़े पहना एक व्यक्ति उसके हाथों पर पानी डालता हुआ नजर आता है।

वीडियो में आठ से 10 लोगों के एक समूह को भोसले के चारों ओर खड़ा देखा जा सकता है और वह पुलिस के किसी हस्तक्षेप के बिना उनसे बातचीत करता दिख रहा है।

एक स्थानीय अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि ऐसा लगता है कि यह वीडियो भोसले को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पहले रिकॉर्ड किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)