नयी दिल्ली, 29 नवंबर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एक दिसंबर को केरल का दौरा करेंगे और इस दौरान तिरुवनंतपुरम में 5वें वैश्विक आयुर्वेद महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
उपराष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया, ‘‘उपराष्ट्रपति एक दिसंबर को केरल के तिरुवनंतपुरम का दौरा करेंगे। राज्य के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान धनखड़ शहर में 5वें वैश्विक आयुर्वेद महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।’’
वैश्विक आयुर्वेद महोत्सव (जीएएफ-2023) का पांचवां संस्करण एक से पांच दिसंबर तक आयोजित किया जाना है। इसमें भाग लेने के लिए 75 देशों के राजदूतों को आमंत्रित किया गया है। यह महोत्सव मौजूदा दौर की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में आयुर्वेद की व्यापक क्षमता पर केंद्रित है।
यह आयोजन तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में किया जाएगा। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक हैं। इस समिति में आयुर्वेद के सभी क्षेत्रों से 200 से अधिक सदस्य हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय, केरल सरकार आदि के सहयोग से ‘सेंटर फॉर इनोवेशन इन साइंस एंड सोशल एक्शन’ (सीआईएसएसए) द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में 23 अंतरराष्ट्रीय भागीदार हैं। इस महोत्सव में कई शीर्ष वैज्ञानिक और 75 देशों के 7,500 प्रतिनिधि जुटेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY