देश की खबरें | विहिप ने चंबा के युवक के हत्यारों को मृत्युदंड देने की मांग की

हमीरपुर (हिप्र), 16 जून विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष लेखराज राणा ने शुक्रवार को चंबा हत्याकांड के दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग की।

आठ जून को चंबा जिले के सलूनी की बंदाल पंचायत स्थित एक नाले से युवक का आठ टुकड़ों में विभक्त शव बरामद हुआ था।

राणे ने यहां जारी एक बयान में कहा कि 28 वर्षीय मनोहर की हत्या के विरोध में 19 और 20 जून को प्रदर्शन किया जाएगा।

विहिप नेता ने कहा कि इस मामले की त्वरित जांच के लिए एक त्वरित अदालत का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले की राष्ट्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मांग का समर्थन भी किया।

राणे ने कहा कि इन ‘नृशंस’ घटना से शांतिप्रिय ‘देवभूमि’ की बदनामी हुई है तथा इस हत्या को लेकर हिंदुओं में बड़ा रोष है।

आरोपी मुसाफिर हसन का घर भीड़ द्वारा जला दिये जाने बाद बृहस्पतिवार को सलूनी में निषेधाज्ञा लगा दी गयी। मुसाफिर ने अपनी भतीजी के साथ संबंध को लेकर मनोहर की कथित रूप से हत्या की। पुलिस ने मुसाफिर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य दो आरोपी हुसैन की पत्नी फरीदा और शबीर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)