देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के कठुआ में वाहन खाई में गिरा : तीन लोगों की मौत, छह घायल

कठुआ/जम्मू, 17 जून जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में शुक्रवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर एक गहरी खाई में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिलावर क्षेत्र में बग्गन-कटली मार्ग के एक मोड़ पर कैब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था, जिसके कारण यह दुघर्टना हुई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद बचावकर्ताओं ने कार्रवाई की और तीन शवों को वहां से निकाला।

अधिकारी ने बताया कि छह घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सिन्हा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बिलावर, कठुआ में हुई सड़क दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदना उन लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। जिला प्रशासन को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।’’

देवेंद्र माधव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)