जरुरी जानकारी | दावोस बैठक में वैष्णव, ईरानी, पुरी, दो मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाली विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सालाना बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, स्मृति ईरानी और हरदीप सिंह पुरी के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शिरकत कर सकते हैं।
नयी दिल्ली, 11 दिसंबर स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाली विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सालाना बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, स्मृति ईरानी और हरदीप सिंह पुरी के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शिरकत कर सकते हैं।
यह बैठक बर्फ से ढंकी वादियों वाले शहर दावोस में अगले महीने होने वाली है। दावोस में 15-19 जनवरी, 2024 तक होने वाली 54वीं बैठक का विषय ‘विश्वास का पुनर्निर्माण’ होगा।
रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास, जी20 समूह में भारत के शेरपा अमिताभ कांत और तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना के कुछ मंत्री भी दुनियाभर के अमीर और शक्तिशाली लोगों की सालाना बैठक में हिस्सा लेने के लिए दावोस जा सकते हैं।
इसके अलावा मुकेश अंबानी, गौतम अडाणी, कुमारमंगलम बिड़ला, एन चंद्रशेखरन, सज्जन जिंदल, सुनील मित्तल, रिशद प्रेमजी और अदार पूनावाला सहित 100 से अधिक कारोबारी दिग्गज भी इस बैठक का हिस्सा बनेंगे।
डब्ल्यूईएफ की पांच दिवसीय बैठक में दुनियाभर के 50 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों एवं शासन प्रमुखों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है।
बहरहाल, भारत की तरफ से कम-से-कम तीन केंद्रीय मंत्रियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। इनमें सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री वैष्णव, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री पुरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री ईरानी शामिल हो सकते हैं।
इसके साथ 2023 की तरह आगामी बैठक में भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे मौजूद रह सकते हैं। वहीं सिद्धारमैया कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बैठक में तीन सार्वजनिक उपक्रमों- एसबीआई, एनटीपीसी और इंडियन ऑयल के प्रमुखों के भी भाग लेने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)