देश की खबरें | उत्तराखंड ने 'कोरोनिल' के लाइसेंस के संबंध में मांगी सूचनाएं केंद्र को भेजीं

देहरादून, 24 जून पतंजलि की एक दवा पर छिडे विवाद के बीच उत्तराखंड सरकार के आयुर्वेद विभाग ने बुधवार को कहा कि उसने बाबा रामदेव को ‘इम्युनिटी बूस्टर’ के लिए लाइसेंस दिया था और इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा मांगी गयी सूचनाएं उपलब्ध करा दी गयी हैं ।

उत्तराखंड आयुर्वेद और यूनानी सेवाएं के निदेशक आनंद स्वरूप ने यहां बताया कि उनके विभाग ने बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि को ‘इम्यूनिटी बूस्टर’, बुखार और खांसी के लिए दवा बनाने का लाइसेंस जारी किया था ।

यह भी पढ़े | मणिपुर में बीजेपी की सरकार पर छाया संकट खत्म, मिस्टर भरोसेमंद साबित हुए हेमंत बिस्वा.

उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके विभाग ने कोरोना की दवा के लिए कोई लाइसेंस जारी नहीं किया और न ही वह इसके लिए अधिकृत है ।

स्वरूप ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय ने हमसे लाइसेंस के संबंध में कागज मंगाए थे जो हमने उन्हें भेज दिए हैं ।’’

यह भी पढ़े | ITR Filing Deadlines Extended: कोरोना संकट के बीच सीबीडीटी ने दी बड़ी राहत, आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर तक बढ़ाई.

निदेशक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके विभाग की ओर से बाबा रामदेव या उनकी कंपनी को कोई नोटिस नहीं जारी किया गया है और कहा कि उन्हें इस संबंध में कहीं से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है ।

बाबा रामदेव ने मंगलवार को 'कोरोनिल' दवा बाजार में उतारी थी और दावा किया था कि आयुर्वेद पद्धति से जड़ी बूटियों के गहन अध्ययन और शोध के बाद बनी यह दवा शत-प्रतिशत मरीजों को फायदा पहुंचा रही है ।

हालांकि, इस दवा की घोषणा होते ही उसकी प्रमाणिकता को लेकर विवाद छिड़ गया जिसके बाद केंद्र सरकार ने इसके प्रचार पर रोक लगाते हुए पतंजलि को नोटिस जारी कर दिया ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)