देश की खबरें | उत्तराखंड : पंचायत चुनावों के बीच हथियार तस्कर गिरफ्तार, आठ पिस्तौल बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड में जारी पंचायत चुनावों के बीच राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने उधमसिंह नगर में एक संयुक्त कार्रवाई में हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से आठ ऑटोमैटिक पिस्तौल व मैगजीन बरामद की है।
देहरादून, 24 जुलाई उत्तराखंड में जारी पंचायत चुनावों के बीच राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने उधमसिंह नगर में एक संयुक्त कार्रवाई में हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके पास से आठ ऑटोमैटिक पिस्तौल व मैगजीन बरामद की है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यहां बताया कि एसटीएफ की कुमाऊं इकाई और रुद्रपुर पुलिस द्वारा खजान सिंह (24) को बुधवार देर रात रुद्रपुर से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 0.32 बोर की पांच पिस्तौल तथा 0.30 बोर की तीन पिस्तौल व मैगजीन बरामद की।
खजान सिंह रुद्रपुर के बागवाला का निवासी है और पूर्व में भी लूट व अवैध हथियारों की तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है।
भुल्लर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में गिरोह के चार अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के मध्यप्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक तार जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पिछले कुछ वर्षों से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से अवैध हथियारों के एक बड़े संदिग्ध तस्कर सरताज से हथियार लाता है।
उसने बताया कि पहले भी वह अपने साथियों के साथ इस प्रकार की सेमी ऑटोमेटिक पिस्तौल की उत्तरप्रदेश व उत्तराखंड में आपूर्ति कर चुका है। उसने कहा कि इस बार भी यहां आपूर्ति के लिए यह खेप लाई जा रही थी जिसे एसटीएफ ने पकड़ लिया।
भुल्लर ने बताया कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराये जाने के दृष्टिगत उत्तराखंड पुलिस द्वारा गैंगस्टरों तथा अवैध हथियारों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2025 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

