देश की खबरें | उत्तर प्रदेश: बांकेबिहारी मंदिर में भगदड़, दो श्रद्धालुओं की मौत

मथुरा, 20 अगस्त उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित बांके बिहारी मंदिर में शुक्रवार देर रात ठाकुर जी के महाभिषेक के बाद मंगला आरती के समय भगवान की एक झलक पाने के लिए मची भगदड़ में दो श्रद्धालुओं की दबकर मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण “मंगला आरती” के दौरान भारी भीड़ के कारण दम घुटना प्रतीत होता है।

चहल ने कहा कि उन्होंने और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने आरती (1.45 बजे) से एक घंटे पहले सारी व्यवस्था की जांच की थी, लेकिन तीर्थयात्रियों की भारी आमद और एक भक्त के निकासी गेट संख्या-1 पर बेहोश होने के कारण बाधा उत्पन्न हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सिटी मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान नोएडा सेक्टर-99 की रहने वाली निर्मला देवी और रुक्मणी विहार कॉलोनी के रहने वाले राम प्रसाद विश्वकर्मा के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शनिवार सुबह शवों को लेकर घर चले गए।

दुबे के मुताबिक, मंदिर में जिस समय भगदड़ मची, उस समय जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव और नगर आयुक्त अनुनय झा सहित भारी पुलिस बल वहां मौजूद था।

उन्होंने बताया कि भगदड़ मचते ही पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकालना शुरू कर दिया। इस हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को वृंदावन के रामकृष्ण सेवा मिशन, ब्रज हेल्थ केयर और सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय वर्मा ने बताया, ‘‘घटना में घायल हुए लोगों को शुरुआत में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, ब्रज हेल्थ केयर अस्पताल तथा संयुक्त जिला चिकित्सालय, वृन्दावन में भर्ती कराया गया था। जहां से जिला संयुक्त अस्पताल एवं ब्रज हेल्थ केयर में भर्ती मरीजों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। अब मात्र रामकृष्ण सेवाश्रम में भर्ती तीन व्यक्ति ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)