लखनऊ, 10 जुलाई श्रावण मास के पहले सोमवार को राज्य के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर और बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर में कपाट खुलने के साथ ही जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही और दोपहर तक भक्तों की संख्या तीन लाख से अधिक हो चुकी थी।
काशी विश्वनाथ मंदिर के जनसम्पर्क अधिकारी पीयूष तिवारी ने बताया कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गर्मी को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पेयजल और कूलर की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं, ताकि भक्त मंदिर के गर्भगृह में हो रही पूजा को देख सकें।
जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की भी व्यवस्था की गयी।
तिवारी ने बताया कि दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिये व्हीलचेयर की भी व्यवस्था की गयी। उन्होंने बताया कि दोपहर एक बजे तक तीन लाख से अधिक भक्त पूजा-अर्चना कर चुके थे।
बाराबंकी से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामनगर स्थित महाभारत कालीन प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। आधी रात मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और सोमवार दोपहर तक करीब डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुके थे।
मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष लोधेश्वर महादेव मंदिर में भीड़ कम रही। उन्होंने कहा कि मंदिर से लगभग ढाई किलोमीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई थी और दोपहिया और चार पहिया वाहनों को मंदिर के पास जाने की अनुमति नहीं थी, इस कारण बुजुर्ग श्रद्धालु मंदिर नहीं आ सके।
रामनगर के उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह ने बताया लोधेश्वर महादेव मंदिर के आसपास सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये भी पर्याप्त प्रबंध किये गये हैं।
राजधानी लखनऊ में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने मनकामेश्वर मंदिर में जाकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
सं. सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY