देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का दिया निर्देश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ, 11 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाली सेवा यूपी-112 और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की 1090 सेवा तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवाओं के कार्यों की मंगलवार को समीक्षा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश के सभी 1758 थानों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाए। उन्होंने कहा कि यह काम प्राथमिकता के साथ तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘तकनीक के बदलते दौर में पुलिस संचार प्रणाली को भी उन्नत किया जाना चाहिए। तकनीक की मदद से मोबाइल फ़ोन को वायरलेस सेट के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। मोबाइल फोन और वायरलेस सेट के बीच संचार प्रणाली को अपनाया जाना चाहिए। प्रारंभिक चरण में इसे बाराबंकी पुलिस में लागू किया जाए।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘डायल 112 जैसी आकस्मिक सेवाओं की उपयोगिता उसकी त्वरित प्रतिक्रिया पर निर्भर करती है। पीड़ित के फोन कॉल करने और पीआरवी द्वारा उस तक मदद पहुंचाने में वर्ष 2016 में जहां औसतन एक घंटे का समय लगता था, वहीं अब इसे नौ मिनट 44 सेकंड तक लाने में सफलता मिली है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के पहुंचने के समय को कम करने के लिए वाहनों की संख्या और कर्मियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2023 11:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

