जरुरी जानकारी | अमेरिका, भारत का व्यापार विवादों को खत्म करने का फैसला बड़ी जीत: गोयल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में छह प्रमुख व्यापार विवादों को खत्म करने का अमेरिका और भारत का फैसला एक 'बड़ी जीत' है और इससे दोनों देशों को फायदा होगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यह बात कही।
नयी दिल्ली, 23 जून विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में छह प्रमुख व्यापार विवादों को खत्म करने का अमेरिका और भारत का फैसला एक 'बड़ी जीत' है और इससे दोनों देशों को फायदा होगा। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यह बात कही।
भारत और अमेरिका डब्ल्यूटीओ में छह व्यापार विवादों को समाप्त करने पर सहमत हुए हैं। इसकी घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा के दौरान हुई।
दोनों देश डब्ल्यूटीओ में जिन छह विवादों को हल करने पर सहमत हुए हैं, उनमें से तीन भारत ने शुरू किए थे, जबकि इतने ही अमेरिका ने। इनमें हॉट-रोल्ड कार्बन स्टील फ्लैट उत्पादों पर प्रतिकारी उपाय, सौर कोशिकाओं और मॉड्यूल से संबंधित कुछ उपाय, नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित उपाय, निर्यात-संबंधी उपाय, स्टील और एल्यूमीनियम उत्पादों पर कुछ उपाय शामिल हैं।
गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''यह भारत के लिए एक बड़ी जीत है और दोनों देशों के लिए फायदेमंद है।''
उन्होंने कहा कि अब डब्ल्यूटीओ में भारत-अमेरिका के बीच कोई विवाद लंबित नहीं है। पोल्ट्री मामले पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस पर चर्चा कर रहे हैं और इस साल के अंत तक इसका समाधान निकाल लेंगे।
मंत्री ने कहा, ''इस तरह इस साल के अंत तक भारत और अमेरिका के बीच कोई विवाद नहीं बचेगा। सभी छह प्रमुख विवाद खत्म हो गए हैं।''
उन्होंने कहा, ''हम पहली बार द्विपक्षीय रूप से विवादों को खत्म कर रहे हैं।''
भारत 2015 में डब्ल्यूटीओ के विवाद निपटान निकाय में पोल्ट्री आयात पर रोक को लेकर अमेरिका से एक विवाद में हार गया था।
उन्होंने कहा कि व्यापार नीति फोरम में फिर से बातचीत शुरू होने के महत्वपूर्ण परिणाम मिलने लगे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2023 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

