देश की खबरें | दिलीप कुमार पर बयान को लेकर उर्मिला मातोंडकर ने भाजपा नेता की आलोचना की

मुंबई, सात जुलाई अभिनेत्री-नेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भाजपा नेता अरूण यादव की आलोचना की है, जिन्होंने दावा किया था कि अभिनेता दिलीप कुमार ने धन कमाने के लिए हिंदू नाम का इस्तेमाल किया। दिलीप कुमार का बुधवार की सुबह निधन हो गया।

भारत के बेहतरीन अभिनेताओं में शामिल कुमार का जन्म 11 दिसंबर 1922 को देश के बंटवारे से पूर्व पेशावर शहर (अब पाकिस्तान में) में हुआ था और उनका मूल नाम मोहम्मद युसूफ खान था। उन्होंने अपने अभिनय से कई पीढ़ियों तक लोगों के दिलों पर राज किया।

युसूफ के अभिनेता के रूप में बंबई टॉकीज में शामिल होने के बाद इसकी प्रमुख देविका रानी ने उनका नाम बदलकर दिलीप कुमार किया था।

लंबी बीमारी के बाद बुधवार की सुबह मुंबई के अस्पताल में 98 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।

हरियाणा भाजपा आईटी प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया के प्रमुख अरूण यादव ने उनके निधन पर अपने श्रद्धांजलि संदेश से विवाद पैदा कर दिया।

यादव ने लिखा, ‘‘फिल्मी दुनिया में हिंदू नाम रखकर धन कमाने वाले मोहम्मद युसूफ खान (दिलीप कुमार) का निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दे।’’

उनके ट्वीट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए मातोंडकर ने गुस्सा जाहिर किया और लिखा, ‘‘आपको शर्म आनी चाहिए।’’

यादव के ट्वीट पर दूसरे ट्विटर उपयोगकर्ताओं ने भी आलोचना की।

एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘शर्मनाक... किसी के निधन पर आप इस तरह कैसे लिख सकते हैं। अगर किसी मुस्लिम ने हिंदू नाम रख लिया तो क्या समस्या हो गई? और अगर किसी हिंदू ने मुस्लिम नाम रख लिया तो भी दिक्कत है। कृपया समझदारी दिखाओ और अच्छा इंसान बनो, आपको अच्छा महसूस होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)