अहमदाबाद, सात जुलाई आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने शुक्रवार को कहा कि विकासशील देशों में शहरीकरण सबसे बड़ी घटना है और भारत में यह ‘बहुत तेज गति’ से हो रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अगले 10-20 वर्षों में शहर देशों का भाग्य तय करेंगे।
वह ‘अर्बन 20 मेयरल समिट’ के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस सम्मेलन में भारत और विदेशी शहरों के 80 से अधिक महापौर और उपमहापौर सहित 500 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
जोशी ने कहा, ‘‘भारत में शहरीकरण बहुत तेज गति से हो रहा है। वर्तमान में, हमारे शहरों में 45 करोड़ से अधिक लोग रहते हैं, जिसकी संख्या अगले 25 वर्षों में बढ़कर 80 करोड़ हो जाने की उम्मीद है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 10 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में कई काम किए हैं, जिनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और प्रौद्योगिकी संचालित शासन तथा जलवायु परिवर्तन एवं परिवहन से संबंधित मामले शामिल हैं।
यू-20 जी-20 की भारत की अध्यक्षता के तहत एक सहभागिता समूह है। यह एक शहर कूटनीतिक पहल है, जिसमें जी-20 देशों के शहर शामिल हैं। जी-20 देश शहरों के बीच सहयोग के माध्यम से सतत विकास के वैश्विक एजेंडे को आगे बढ़ाने में शहरों की भूमिका पर जोर देते हैं।
जोशी ने कहा, ‘‘दुनियाभर के विकासशील देशों में शहरीकरण सबसे बड़ी घटना है और अधिकांश भारत में, समृद्धि, आय सृजन, नौकरी सृजन में संपूर्ण परिवर्तन शहरी भारत में हो रहा है और हम अगले 10-20 साल में शहरों में जो होगा, वह हमारा भाग्य तय करेगा।’’
इस दो-दिवसीय कार्यक्रम में भारत की शहरी कहानी, विशेष रूप से शहर-स्तरीय सफलताओं, उल्लेखनीय परियोजनाओं और अभिनव पहलों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
शहरी क्षेत्रों पर जलवायु परिवर्तन के बहुमुखी प्रभावों और इसके विपरीत प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने में मदद करने के लिए चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
यू-20 के तहत छह प्राथमिकताओं में पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करना, जलवायु वित्त में तेजी लाना, जल सुरक्षा सुनिश्चित करना, स्थानीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना, शहरी शासन और योजना के लिए ढांचे को फिर से तैयार करना और डिजिटल शहरी भविष्य को उत्प्रेरित करना शामिल है।
विषयगत सत्रों में टोक्यो, रियाद, पेरिस, सूरत, श्रीनगर, अम्मान, लॉस एंजिल्स, न्यूयॉर्क शहर, कटोविस, रियो डी जनेरियो, दुबई, इंदौर, किचनर, लंदन, मोंटेवीडियो, जोहान्सबर्ग, कोच्चि और डरबन एवं अन्य के महापौरों या समकक्ष शहर के नेताओं की बातचीत और प्रस्तुतियां शामिल होंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY