ताजा खबरें | राज्यसभा में प्रधानमंत्री के बारे में वाइको की टिप्पणी पर हंगामा

नयी दिल्ली, 17 मार्च राज्यसभा में सोमवार को एमडीएमके सदस्य वाइको द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में की गयी टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जतायी और उनके बयान को सदन की कार्यवाही से निकालने की मांग की। इस पर उपसभापति हरिवंश ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उच्च सदन में विनियोग (संख्याक 2) विधेयक 2025, मणिपुर विनियोग (लेखानुदान) विधेयक 2025, और बजट मणिपुर, 2024 पर चर्चा के दौरान वाइको ने कहा कि मणिपुर में हिंसा की इतनी घटनाओं के बाद भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उस राज्य का दौरा नहीं किया।

वाइको ने इस क्रम में प्रधानमंत्री के बारे में कुछ टिप्पणी की, जिस पर उपसभापति ने आपत्ति जतायी और कहा कि प्रधानमंत्री का पद एक संवैधानिक पद है और उनके बारे में ऐसी टिप्पणी नहीं की जा सकती। उपसभापति ने वाइको से कहा कि उनकी ऐसी टिप्पणी कार्यवाही में शामिल नहीं होगी। इसके बाद भी वाइको लगातार टिप्पणी करते रहे।

इस पर सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि वाइको को लंबा संसदीय अनुभव है लेकिन खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि उन्होंने मणिपुर छोड़कर हर विषय पर चर्चा की। उन्होंने आसन से अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री के बारे में वाइको की आपत्तिजनक टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से बाहर कर दिया जाए।

उपसभापति हरिवंश ने कहा कि इस संबंध में वह पहले ही कह चुके हैं और वाइको के भाषण की पड़ताल कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के रामजीलाल सुमन ने आवारा पशुओं से किसानों और फसलों को नुकसान होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई बार आवारा पशुओं के हमलों में किसानों की मौत भी हो जाती है।

सपा सदस्य ने मांग की कि ऐसे मामलों में कोई मुआवजा नहीं दिया जाता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों को भी बीमा के दायरे में लाया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)