बदायूं, चार जुलाई उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक महिला को अपने पति को करंट लगाकर उसकी हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि इस्लामनगर के मोहाली मोहल्ले में रहने वाले 30 वर्षीय शरीफ की रविवार देर रात लगभग एक बजे संदिग्ध हालात में करंट लगने से मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शरीफ के परिजनों ने उसकी पत्नी शबनम पर हत्या का आरोप लगाया।
वर्मा के मुताबिक, शबनम को जब हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने शरीफ को करंट लगाकर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
वर्मा के अनुसार, शबनम ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी 11 साल पहले हुई थी और तब से उसका पति उसके साथ रोजाना मारपीट और दुर्व्यवहार करता था तथा उसके चरित्र पर उंगली भी उठाता था।
वर्मा के मुताबिक, शबनम ने कहा कि उसने परेशान होकर देर रात अपने पति को खाने में नींद की गोली मिलाकर खिला दी और बेहोश हो जाने के बाद करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी।
वर्मा के अनुसार, शबनम ने पूछताछ में बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शोर मचाकर परिजनों को इकट्ठा किया और कहा कि किसी ने शरीफ की हत्या कर दी है।
अधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY