ताजा खबरें | उप्र मतगणना: शुरुआती रुझानों में भाजपा को मजबूत बढ़त

लखनऊ, 10 मार्च उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाए हुए है।

प्रदेश विधानसभा की 403 में से 393 सीटों पर प्राप्त शुरुआती रुझानों के मुताबिक 217 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। वहीं, सपा 158 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, बसपा 10, कांग्रेस पांच सीटों पर जबकि अन्य दल तीन सीटों पर आगे चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर सीट से और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल सीट से तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू सीट से आगे चल रहे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार सपा के नेता मोहम्मद आजम खान रामपुर विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। शुरुआती दौर की मतगणना में आजम खान को 5,090 वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के आकाश सक्सेना को 1,006 मत मिले हैं।

चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की 403 में से 301 सीटों पर शुरुआती रुझान प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 182 पर भाजपा, 88 पर सपा, छह पर सपा का सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा भाजपा का सहयोगी अपना दल-सोनेलाल आठ, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी चार-चार , जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो और जनता दल यूनाइटेड तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी एक - एक सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)