मुरादाबाद (उप्र), 27 फरवरी मुरादाबाद के भोगपुर मिथोनी प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्या द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने से तीसरी कक्षा की एक छात्रा की एक आंख की रोशनी चली गयी।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित छात्रा हिमांशी को मंगलवार को उसके शिक्षक ने पीटा था। इस दौरान उसकी आंख में गंभीर चोट आई है और वह एक आंख से देख नहीं पा रही है।
हिमांशी की मां ज्योति कश्यप ने स्कूल की प्रधानाचार्या गीता कराल के खिलाफ जिलाधिकारी के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में ज्योति ने दावा किया है कि प्रधानाचार्या द्वारा पीटे जाने की वजह से आईं गंभीर चोटों के कारण उनकी बेटी की एक आंख की रोशनी चली गयी है।
हालांकि, प्रधानाचार्या गीता कराल ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि हिमांशी की नजर पहले से ही कमजोर है।
उन्होंने बताया "चोट तब लगी जब एक सहपाठी बेनजीर अपना काम पूरा कर रही थी और गलती से उसकी कोहनी से हिमांशी के चेहरे पर चोट लग गयी जिससे उसकी आंख में सूजन आ गई।"
कराल का कहना है कि मामला तब और बिगड़ गया जब हिमांशी की मां ज्योति कश्यप उसी दिन स्कूल पहुंचीं और प्रधानाचार्या से चिकित्सा प्रमाण पत्र मांगा। जब उसका अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया, तो उसने कथित तौर पर उन्हें धमकाया।
प्रधानाचार्या गीता कराल ने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई मेडिकल रिपोर्ट जारी करने का अधिकार नहीं है।
इस घटना पर मुरादाबाद के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अजीत कुमार ने कहा कि अपर बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम गुप्ता की देखरेख में जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा, "जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY