देश की खबरें | उप्र : दूध कारोबारी ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया

नोएडा (उप्र), 28 जून उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद के दादरी थाने में एक व्यक्ति ने मारपीट की कथित घटना को लेकर 20 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडे से उसे, उसके भांजे और परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की।

दादरी थाने के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि दूध का कारोबार करने वाले विक्रांत उर्फ विक्की ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता दादरी क्षेत्र से दूध इकट्ठा करके दिल्ली ले जाते हैं, तथा वापसी में दिल्ली से दादरी क्षेत्र के व्यापारियों का किराने का सामान अपनी गाड़ी में लादकर लाते हैं तथा देवेंद्र शर्मा नामक व्यक्ति भी इसी तरह का कार्य करते हैं।

थाना प्रभारी उपाध्याय ने रिपोर्ट के हवाले से बताया कि दादरी के एक व्यापारी का किराने का सामान लादने को लेकर शिकायतकर्ता विक्की का देवेंद्र शर्मा के साथ विवाद हुआ।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के बाद देवेंद्र ने अपने परिवार के लोगों को फोन करके दादरी के गुर्जर कॉलोनी के पास बुला लिया, तथा उन लोगों ने लाठी-डंडे और अन्य हथियार से लैस होकर उसे, उसके भांजे और परिवार के अन्य लोगों के साथ मारपीट की।

उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर देवेंद्र शर्मा, सोनू, नीतीश शर्मा, विजेंद्र, दीपक शर्मा और पुनीत शर्मा के अलावा 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सं

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)