UP: व्यक्ति ने तीन लोगों पर चोरी, पत्नी-बेटी से सामूहिक बलात्कार का लगाया आरोप, पुलिस की नजर में मामला संदिग्ध
जिले के थाना सैफनी के अंतर्गत एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर अपनी पत्नी और बेटी से सामूहिक बलात्कार करने और मकान में चोरी करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन वह घटना को संदिग्ध मान रही है.
रामपुर (उप्र), 22 मई: जिले के थाना सैफनी के अंतर्गत एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर अपनी पत्नी और बेटी से सामूहिक बलात्कार करने और मकान में चोरी करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है लेकिन वह घटना को संदिग्ध मान रही है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है और मामले की जांच कर रही है. सैफनी पुलिस थाने पर तैनात उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है. यह भी पढ़ें: UP Shocker: लखनऊ के गोसाईंगंज इलाके में नाबालिग के साथ बलात्कार, कराया गर्भपात
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर ट्वीट कर उप्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. पुलिस ने बताया कि सैफनी थाने में रविवार को एक व्यक्ति की शिकायत पर 5000 रुपये और मोबाइल की चोरी का मामला दर्ज किया गया था लेकिन बाद में उसी व्यक्ति ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि शनिवार रात चोरी के साथ-साथ उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी (14 साल) से सामूहिक बलात्कार किया गया.
बलात्कार की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया और इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार शुक्ला को दी गयी. एसपी तुरंत पीड़ित व्यक्ति के घर पहुंचे जहां पर उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और व्यक्ति से पूछताछ की. शुक्ला ने बताया कि पहले एक व्यक्ति थाने पर चोरी की सूचना देता है और उसके बाद पत्नी और बेटी से सामूहिक बलात्कार का भी दावा करता है। घटना संदिग्ध लग रही है लेकिन अभी जांच हो रही है और दोनों महिलाओं को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है.
एसपी ने बताया कि व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके यहां तीन चोर घुस आए थे, जिन्होंने उसके हाथ पैर बांध दिए और मोबाइल तथा पांच हजार रुपये चोरी करके ले गए. उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने पहले चोरी की सूचना दी थी जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की. बाद में व्यक्ति ने बताया कि इन तीनों ने उनकी पत्नी और बेटी से सामूहिक बलात्कार भी किया.
एसपी ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही हैं क्योंकि जिन तीन लोगों द्वारा कथित सामूहिक बलात्कार किए जाने की बात कही जा रही है, उनमें से एक के साथ व्यक्ति का कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था. हालांकि, पुलिस ने चोरी के साथ साथ सामूहिक बलात्कार का मामला भी दर्ज कर लिया है. उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने चोरी और बलात्कार करने वाले एक व्यक्ति का नाम कैफ बताया है और साथ में उसके दो साथी भी होने की बात कही है. पुलिस ने कैफ नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है. कैफ के साथ कुछ दिन पहले व्यक्ति का झगड़ा भी हुआ था.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर ट्वीट किया, ‘‘उप्र के रामपुर में एक स्थानीय कारोबारी के घर डकैती और उसकी पत्नी व नाबालिग बेटी से सामूहिक बलात्कार की जघन्य घटना से पूरे प्रदेश में दहशत व्याप्त हो गयी है. ऐसे अपराध उप्र में कानून-व्यवस्था के भाजपाई दावों का खोखलापन उजागर करते हैं. अपराधियों के हौसलों के पीछे कौन है?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2023 12:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

