देश की खबरें | उप्र मदरसा बोर्ड ने जारी किए निर्देश : सभी अनुदानित और गैर अनुदानित मान्यता प्राप्त मदरसों में मनाया जाए योग दिवस

लखनऊ, 20 जून उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर राज्य के सभी अनुदानित और गैर अनुदानित मान्यता प्राप्त मदरसों में योग दिवस मनाने के आदेश जारी किए हैं।

मदरसा शिक्षा बोर्ड के रजिस्ट्रार जगमोहन सिंह ने गत 17 जून को राज्य के सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा है कि वे 21 जून को प्रदेश के सभी अनुदानित और गैर अनुदानित मान्यता प्राप्त मदरसों में योग दिवस मनाने के लिए अपने स्तर से संबंधित जिम्मेदारों को सूचित करें और की गई कार्यवाही से बोर्ड के दफ्तर को भी अवगत कराएं।

पत्र में कहा गया है कि दुनिया के तमाम देश योग के महत्व को समझते हुए योग दिवस मनाते हैं। योग शरीर को रोगमुक्त रखता है और मन को शांति भी देता है।

पत्र में कहा गया कि नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयुष विभाग और बेसिक शिक्षा विभाग ने भी हाल ही में अपने अपने यहां योगाभ्यास के प्रबंध करने के निर्देश जारी किए थे।

इस बीच, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि सभी मान्यता प्राप्त मदरसों ने योग दिवस की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने निजी मदरसा संचालकों से भी योग दिवस मनाने की अपील की।

उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी 21 जून को योग दिवस पर राज्य के 900 मदरसों में योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी की है।

प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बताया कि मोर्चा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के 900 मदरसों में योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर चुका है।

मालूम हो कि प्रदेश में पिछले साल भी राज्य के विभिन्न मदरसों में योग दिवस पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। राज्य में इस वक्त 16,531 मदरसे हैं, जिनमें से 558 को सरकार से अनुदान मिलता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)