Uttar Pradesh: प्रतापगढ़ में गौशाला की आड़ में चलाई जा रही शराब की अवैध फैक्टरी का भांडाफोड़, करोड़ों रुपये की शराब बरामद
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हथिगंवा क्षेत्र में शराब बनाने की कथित अवैध फैक्टरी का भांडाफोड़ किया है, जो गौशाला की आड़ में चलाई जा रही थी। वहां से करोड़ों रुपये की शराब और इसे बनाने में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण बरामद करने के साथ ही सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने हथिगंवा क्षेत्र में शराब बनाने की कथित अवैध फैक्टरी का भांडाफोड़ किया है, जो गौशाला की आड़ में चलाई जा रही थी। वहां से करोड़ों रुपये की शराब और इसे बनाने में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण बरामद करने के साथ ही सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
प्रयागराज क्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रेम प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार शाम पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा पर्सीपुर झाझामऊ में की गई संयुक्त कार्रवाई में गौशाला की आड़ में चलाई जा रही शराब बनाने की अवैध फैक्टरी पर छापा मारा गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान गौशाला में भूसे और पुआल में छुपा कर रखी गई सैकड़ों पेटी शराब बरामद की गई। यह शराब अवैध रूप से बनाई गई थी।
प्रकाश ने बताया कि गौशाला में खुदाई के दौरान भी भारी मात्रा में शराब तथा इसे बनाने में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण बरामद किए गए। बरामद शराब की कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रकाश ने बताया कि गौशाला तथा अन्य संभावित ठिकानों पर व्यापक पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से खुदाई का काम जारी है।
उन्होंने बताया कि गौशाला की आड़ में संचालित की जा रही यह फैक्टरी शराब माफिया गुड्डू सिंह की है, जिसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और 20 लोगों की पहचान कर ली गई है।
तोमर ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 45 लोगों को चिन्हित किया जा चुका है और उनकी तलाश जारी है।
उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी।
तोमर ने बताया कि जिले में अवैध रूप से बनाई गई शराब की बरामदगी के अभियान के तहत शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कुंडा कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने शराब बनाने की अवैध फैक्टरी और एक दुकान पर छापा मारकर लगभग 50 लाख रुपये की शराब बरामद की है।
सं सलीम आनन्द
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2021 01:47 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

