देश की खबरें | भारत में विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच एकता दुनिया के लिए एक मिसाल: सैयद जफर इस्लाम

नयी दिल्ली, 11 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने देश में सदियों से सौहार्द के साथ रह रहे विभिन्न धर्मों के अनुयायियों के बारे में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की टिप्पणी की सराहना करते हुए मंगलवार को कहा कि भारत में विभिन्न धर्मों के लोगों के बीच एकता दुनिया के लिए एक मिसाल है।

उन्होंने एक बयान में कहा, "दुनिया में अगर कहीं विविधता है तो वह भारत में है। इसे दुनिया के सामने एक केस स्टडी के रूप में पेश किया जा सकता है।"

इस्लाम ने कहा कि कुछ छिटपुट घटनाएं हो सकती हैं लेकिन वे दुनिया में हर जगह होती हैं।

डोभाल ने भारत दौरे पर आए मुस्लिम वर्ल्ड लीग (एमडब्ल्यूएल) के महासचिव डॉ. मोहम्मद बिन अब्दुल करीम अल-इस्सा के सम्मान में खुसरो फाउंडेशन और इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत उन संस्कृतियों और धर्मों का मिलन स्थल रहा है, जो सदियों से सद्भाव के साथ सह-अस्तित्व में हैं।

उन्होंने कहा कि देश में धार्मिक समूहों के बीच इस्लाम को एक अनूठा और ‘‘गौरवपूर्ण स्थान’’ प्राप्त है।

उन्होंने आतंकवाद के किसी धर्म से नहीं जुड़े होने पर जोर देते हुए कहा कि यह कोई संयोग नहीं है कि देश में करीब 20 करोड़ मुसलमान होने के बावजूद वैश्विक आतंकवाद में भारतीय नागरिकों की संलिप्तता ‘‘बहुत ही कम’’ रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)