देश की खबरें | केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की कोरोना से बचाव की अपील पर अमल का आग्रह किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने मंगलवार को देशवासियों से आग्रह किया कि वे कोरोना संक्रमण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन में की गई अपील का जिम्मेदारी पूर्वक पालन करें।

प्रधानमंत्री ने देश में कोरोना संक्रमण की शुरुआत के बाद राष्ट्र के नाम अपने सातवें संबोधन में आज देशवासियों को इसके अब भी मंडरा रहे खतरे के प्रति आगाह किया और कहा कि यह समय लापरवाह होने या यह मान लेने का नहीं है कि कोरोना से कोई खतरा नहीं है।

यह भी पढ़े | कमलनाथ के बाद मध्य प्रदेश में BJP नेता बिसाहू लाल साहू की बिगड़ी जुबान, कांग्रेस नेता विश्वनाथ सिंह की पत्नी के खिलाफ की अभद्र टिप्पणी- FIR दर्ज.

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन भले खत्म हो गया है लेकिन कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देशवासियों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन ही केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मंगलवार को प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन इस संकल्प को पुन: दर्शाता है।

यह भी पढ़े | IPL-13: पंजाब की टीम ने दिल्ली को 5 विकेट से हराया: 20 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के बाद शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘भारतवासियों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवन ही मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। कोरोना के विरुद्ध इस जंग में भी देशवासियों के जीवन को बचाना ही मोदी सरकार ने अपना परम कर्तव्य माना। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए इस संकल्प को पुनः दोहराया है।’’

शाह ने भी लोगों से निवेदन किया कि इस आपदा से लड़ने में नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’’ के मंत्र को अपनाएं और खुद को तथा अपने परिजनों को सुरक्षित रखें।

उन्होंने कहा, ‘‘एक संयुक्त व संकल्पित भारत के रूप में ही हम इस आपदा से जीत सकते हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संदेश देकर कोरोना की इस लड़ाई में हर देशवासी को अपनी जिम्मेदारियों का पालन करते हुए सतर्क रहने और तैयार रहने को कहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम उनकी बातों का अक्षरशः पालन करें और खुद तथा अपने परिवार को कोरोना से बचाएं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में इस बात पर पुनः जोर देते हुए सभी से अपील की कि ‘‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’’।

उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना से बचाव के लिए हम सभी जिस प्रकार दो गज की दूरी, फेस मास्क पहनने और हाथ धोने का पालन कर रहे हैं उसे आगे भी इसी तरह निभाना है व राष्ट्र की रक्षा करनी है।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर लोगों से आग्रह किया कि सभी देशवासियों को प्रधानमंत्री के आग्रह को अवश्य मानना चाहिए क्योंकि यह समय लापरवाह होने का नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना चला गया या फिर अब कोरोना से कोई खतरा नहीं है यह मान लेना बहुत बड़ी भूल होगी। इसलिए स्वच्छता का ध्यान रखें, दो गज की दूरी बनायें और मास्क पहनें। इसी में सभी की भलाई है।’’

उन्होंने भी कहा कि प्रधानमंत्री का आज का संदेश परिवार के मुखिया सरीखा था और वे आज देश और समाज के संरक्षक की भूमिका में दिखाई दे रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का आज का राष्ट्र के नाम संदेश जहां देश की जनता को कोरोना के खतरों के प्रति आगाह करता है वहीं उन्हें इस बात के लिए आश्वस्त भी करता है कि सरकार कोरोना से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयार है और हर संभव तैयारी भी कर रही है।’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने भी ट्वीट कर लोगों से बचाव के सारे उपायों को अपनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ लोग घरों से निकलेंगे तो खुशियां बनी रहेंगी। अगले कुछ महीने दशहरा, दीपावली, ईद जैसे कई बड़े त्योहारों के समय भी हमें सावधानी बरतनी होगी। हमें यह हमेशा याद रखना चाहिए कि 'जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं'।’’

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)