जयपुर, 21 जनवरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को बालोतरा में रेलवे ओवरब्रिज ‘रामसेतु’ का लोकार्पण किया।
यह ओवरब्रिज राष्ट्रीय राजमार्ग-112 जोधपुर-बाड़मेर रेलवे सेक्शन पर 102 करोड़ रुपए की लागत से दो किलोमीटर लम्बाई में दो लेन का बना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री निवास से समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सेतु निर्माण से राज्य के विकास को गति मिलेगी तथा बालोतरा में लेवल क्रॉसिंग पर यातायात जाम और शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों से संभावित दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी। उनका कहना था कि आमजन के लिए रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की राह आसान होगी और समय बचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेतु निर्माण से जसोल धाम, नाकोड़ा एवं ब्रह्मधाम जैसे धार्मिक स्थलों पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि इस आर.ओ.बी. कार्य के साथ दो अंडरपास भी तैयार किये गये हैं, जिनसे शहर का यातायात भी सुगम होगा। उनका कहना था कि स्थानीय उद्योगों की स्थिति सुदृढ़ होगी, जिससे क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न स्वीकृतियां समयबद्ध जारी करेगी, साथ ही, विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने प्रदेश को मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे और जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे के साथ रिंग रोड, पुलों, आर.ओ.बी. की सौगातें दी हैं। उनका कहना था कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने अपनी प्रगतिशील सोच और नवाचारों से देश के राजमार्गों की तस्वीर बदल दी है, फलस्वरूप राजस्थान का राजमार्ग तंत्र भी मजबूत हुआ है।
समारोह में केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि अब प्रदेश का चहुंमुखी विकास होने लगा है तथा राजमार्गों के सुदृढ़ीकरण से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY