देश की खबरें | केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गोडसे को भारत का ‘सपूत’ बताया

दंतेवाड़ा, नौ जून केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को भारत का 'सपूत' बताया और कहा कि वह मुगल शासक बाबर और औरंगजेब की तरह आक्रमणकारी नहीं था क्योंकि वह भारत में पैदा हुआ था।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा शहर में शुक्रवार को संवाददाताओं से बात करते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि जो लोग खुद को बाबर और औरंगजेब की संतान कहलाने में खुशी महसूस करते हैं, वे भारत माता के सच्चे सपूत नहीं हो सकते।

औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गोडसे से संबंधित एक बयान के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ''अगर गांधी जी के हत्यारे हैं तो गोडसे भारत के सपूत भी हैं, वे भारत में ही जन्मे हैं, औरंगजेब और बाबर की तरह अक्रांता नहीं हैं। और जिसको बाबर की औलाद कहलाने में खुशी महसूस होती है, वह कम से कम भारत माता का सच्चा सपूत नहीं हो सकता।''

उन्होंने छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर धर्म परिवर्तन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

सिंह ने कहा, ''राज्य में जनजातियों और गैर-जनजातियों को एक साजिश के तहत धर्मांतरित किया जा रहा है। जब भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी तो धर्मांतरण के खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।''

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत छत्तीसगढ़ को दिए गए धन के गबन का दावा किया।

उन्होंने कहा कि जो भी मनरेगा फंड की हेराफेरी कर रहा है, उसे जांच का सामना करना पड़ेगा और उन्हें दंडित किया जाएगा, चाहे वह मुख्यमंत्री हों या कोई और।

सिंह ने भाजपा के खिलाफ कथित अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर आबकारी मंत्री कवासी लखमा पर भी निशाना साधा और कहा कि उनकी टिप्पणी कांग्रेस सरकार के चरित्र को दर्शाती है और बघेल जी को यह देखना होगा।

लखमा ने बृहस्पतिवार को कांकेर जिले में कुछ संवाददाताओं से बात करते हुए कथित तौर पर स्थानीय बोली हल्बी में एक अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)