नयी दिल्ली, नौ अगस्त केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अश्विनी चौबे ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने पर नीतीश कुमार को ‘‘अवसरवादी’’ करार दिया और कहा कि बिहार को ‘‘धोखा’’ देने वाले उसके विकास की राह में रोड़े अटकाना चाहते हैं।
बिहार भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पटना रवाना होने से पहले हवाईअड्डे पर एक समाचार चैनल से बातचीत में चौबे ने कहा, ‘‘भाजपा किसी को दबाती नहीं है और ना ही किसी को धोखा देती है। बिहार के साथ धोखा करने वाले उसके विकास की राह में रोड़े अटकाना चाहते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी तक की सरकार के दौरान हमारी प्रतिबद्धता बिहार के विकास की रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कम सीटें जीतने के बावजूद हमने उन्हें (नीतीश को) मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने दूसरी बार बिहार की जनता के साथ धोखा किया है। उन्हें घमंड हो गया है।’’
राष्ट्रीय जनता दल के साथ बिहार में सरकार बनाने की नीतीश कुमार की पहल के बारे में पूछे जाने पर चौबे ने कहा, ‘‘विनाश काले, विपरीत बुद्धि।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त ना करने का उनका दावा कहां गया? वह अवसरवादी हैं, अवसरों की तलाश में रहते हैं। यह मेरा निजी विचार है।’’
नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
कुमार ने कहा कि राजग से संबंध समाप्त करने का निर्णय उनकी पार्टी जनता दल(यूनाइटेड) ने लिया है।
इस्तीफे के बाद कुमार पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास गए और राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY