देश की खबरें | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘मुक्ति दिवस’ समारोह में शामिल होने के लिए हैदराबाद पहुंचे

हैदराबाद, 16 सितंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार शाम हैदराबाद पहुंचे।

हैदराबाद रियासत के 17 सितंबर 1948 को भारतीय संघ में विलय की स्मृति में यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय पर्यटन मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बंडी संजय कुमार और अन्य नेताओं ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया।

केंद्र सरकार द्वारा आयोजित ‘मुक्ति दिवस’ समारोह रविवार को शहर के परेड ग्राउंड में होगा।

केंद्र की ओर से पिछले वर्ष पहली बार इस दिन को लेकर आधिकारिक समारोह आयोजित किया गया था और उस समय भी शाह इसमें शामिल हुए थे।

भाजपा सूत्रों ने बताया भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू ने शाह से मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक की ज्यादा जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)