देश की खबरें | यूनिसेफ ने युवाओं को करियर के संबंध में मार्गदर्शन के लिए सैप इंडिया के साथ की भागीदारी

नयी दिल्ली, 15 जुलाई मौजूदा और कोविड-19 के बाद के दौर में रोजगार के लिए क्षमता बढ़ाने तथा युवाओं को करियर के संबंध में मार्गदर्शन के लिए विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर यूनिसेफ इंडिया ने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर कंपनी सैप इंडिया के साथ भागीदारी की है ।

सैप इंडिया के साथ भागीदारी के तहत यूनिसेफ देश के कमजोर वर्ग के युवाओं को कुशल बनाने और उन्हें डिजिटल शिक्षा प्रदान करने के वास्ते संयुक्त राष्ट्र की संस्था द्वारा समर्थित पहल ‘युवा’ (जेनरेशन अनलिमिटेड) के साथ भी तालमेल करेगा ।

यह भी पढ़े | राजस्थान कांग्रेस का असर उत्तर प्रदेश में भी मिल सकता है देखने को, यूथ नेता जितिन प्रसाद हो सकते हैं बागी!.

यूनिसेफ ने एक बयान में कहा है कि ‘जेनरेशन अनलिमिटेड’ पहल युवाओं को निजी क्षेत्र, सरकारी, अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय संगठनों के साथ लाएगी । इसका मकसद तेजी से बदलती दुनिया में काम करने के लिए उनकी शिक्षण और प्रशिक्षण क्षमता को बढ़ाना है।

बयान में कहा गया कि तालमेल के तहत युवाओं की डिजिटल और अन्य कौशल बढ़ाने और उन्हें करियर के विकल्प मुहैया कराने का लक्ष्य है।

यह भी पढ़े | राहुल गांधी का बड़ा बयान, कहा- जिसे पार्टी छोड़कर जाना है वह जा सकता है, घबराने की जरूरत नहीं- रिपोर्ट.

भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिध यास्मीन अली हक ने कहा, ‘‘कोविड-19 ने शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में तबाही मचायी है । इससे युवाओं के सामने कई चुनौतियां पैदा हो गयी है । यूनिसेफ-युवा-सैप इंडिया की भागीदारी का मकसद युवाओं को अपनी सृजनात्मकता संवारने और कुशल बनाने का है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह भागीदारी कुशलता, सामाजिक नवोन्मेष और करियर मार्गदर्शन के संबंध में युवाओं के समक्ष पैदा चुनौतियों का समाधान करेगी ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)